हिंदी
चाची-भतीजे समेत तीन की दर्दनाक मौत (Img: AI Generated Image)
Banda: बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव में बारिश के बाद बहा नाला अचानक उफान पर आ गया। इसी दौरान खेती का काम निपटाकर घर लौट रहे चार किसान नाला पार करने लगे। उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में यही रास्ता उनके लिए जिंदगी और मौत की जंग बन जाएगा।
चारों ने पानी के तेज बहाव के बीच तैरकर दूसरी तरफ जाने की कोशिश की। लेकिन नाले का बहाव इतना तेज था कि सभी खुद को संभाल नहीं सके। देखते ही देखते चारों पानी में बहने लगे।
हादसे में गुजेनी निवासी 27 वर्षीय कोमल, उनकी चाची 30 वर्षीय कुसुमरानी और 50 वर्षीय सिया की डूबने से मौत हो गई। वहीं 35 वर्षीय रामखेलावन किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे। रामखेलावन ने बाहर आने के बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी खबर दी गई। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर नाले में खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।
ये भी पढ़ें- पापा अब कभी नींद से नहीं उठेंगे? मासूमों की तोतली जुबां, एक पल की तकरार ने छीन ली मासूम बचपन की खुशियां
कोमल अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। वहीं कुसुमरानी के दो बेटे हैं, जबकि सिया का भी एक बेटा है। हादसे की खबर पहुंचते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। मरका थाना प्रभारी सूबेदार बिंद ने बताया कि तीनों शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- पति की मौत के बाद सहानुभूति की आड़ में बनाया संबंध! फिर लूटे लाखों रुपये, जानिए क्या है पूरा मामला
ग्रामीणों के मुताबिक गुजेनी का बहा नाला पारा और भाटी गांवों को जोड़ने वाला आम रास्ता है। इस रास्ते पर अब तक पक्का पुल या रास्ता नहीं बन पाया है। बारिश के दिनों में पानी बढ़ने के बाद ग्रामीणों को इसी तरह जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। हादसे की जानकारी मिलने पर बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर दुख जताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
Location : Banda
Published : 26 August 2026, 3:42 PM IST
Topics : Accident banda news Flood Rain uttar pradesh