हिंदी
त्रिशूली नदी क्षेत्र में भूस्खलन (Img : Social Media)
Nepal : नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। अचानक आई बाढ़ में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। पानी के तेज बहाव ने नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बसे कई गांवों, सड़कों, पुलों और जरूरी बुनियादी ढांचों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर नेपाल के भोटे कोशी नदी क्षेत्र में देखने को मिला है।
जानकारी के मुताबिक, बाढ़ का पानी तिब्बत की तरफ से नेपाल में दाखिल हुआ, जिसके बाद हिमालयी इलाकों में हालात बिगड़ गए। नेपाल के नुवाकोट, धादिंग और रसुवा जिलों में कई इलाकों में पानी भर गया। कई घरों में पानी घुस गया, वाहन बह गए और सड़क संपर्क टूट गया।
नेपाल में भूस्खलन के बाद बिहार के बगहा में बढ़ा बाढ़ का खतरा, गंडक नदी पर प्रशासन अलर्टनेपाल के पहाड़ी इलाकों में हुए भूस्खलन के बाद बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। त्रिशूली नदी क्षेत्र में घटना की सूचना के बाद बगहा प्रशासन ने गंडक नदी के जलस्तर पर… pic.twitter.com/Tm2lRcl2Mn
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 26, 2026
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि पहाड़ी घाटियों में तेज रफ्तार से बहता मटमैला पानी अपने रास्ते में आने वाली चीजों को बहाकर ले जा रहा है। कई जगहों पर पुल और सड़कें कुछ ही मिनटों में तबाह हो गईं।
भोटे कोशी नदी में अचानक आए उफान से सीमा क्षेत्र के तिमुरे और स्याफ्रुबेसी इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। रसुवागढ़ी बॉर्डर क्षेत्र के पास बना एक नया पुल भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए काठमांडू को उत्तरी जिलों से जोड़ने वाले कई हाईवे बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है।
हालांकि, तेज बहाव और मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानियां आ रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रभावित इलाकों में कई सुरक्षाकर्मी भी लापता हैं। इनमें नेपाल पुलिस के 26 जवान और सशस्त्र पुलिस बल के 7 जवान शामिल बताए जा रहे हैं।
फ्लैश फ्लड का असर नेपाल के बिजली ढांचे पर भी पड़ा है। कई बड़े हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और ट्रांसमिशन सिस्टम को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट के मुताबिक रसुवागढ़ी, चिलिमे, त्रिशूली और देविघाट हाइड्रोपावर परियोजनाएं बाढ़ की चपेट में आई हैं। इसके कारण कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।
नेपाल में आई इस तबाही के बाद भारत के सीमावर्ती इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल से निकलने वाली नदियों के जलप्रवाह को देखते हुए बिहार के कई जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड में है। गंडक नदी समेत अन्य नदी प्रणालियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Nepal
Published : 26 August 2026, 3:31 PM IST