स्कूल की शिकायत पड़ी भारी! आधी रात BJP नेता के घर पहुंची भीड़, पिस्टल लहराकर दी जान से मारने की धमकी

महराजगंज में विद्यालय में शिक्षकों की कथित अनुपस्थिति की शिकायत करने पर भाजपा मंडल मंत्री अभिषेक मिश्र ने प्रधानाध्यापक, शिक्षामित्र और अन्य लोगों पर घर पहुंचकर गाली-गलौज, पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Maharajganj:  उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय में शिक्षकों की कथित अनुपस्थिति की शिकायत करना भाजपा के मिठौरा मंडल मंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक मिश्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज प्रधानाध्यापक, शिक्षामित्र और उनके समर्थक देर रात उनके घर पहुंच गए, जहां गाली-गलौज, हंगामा और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विद्यालय की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

भाजपा मंडल मंत्री अभिषेक मिश्र का आरोप है कि उन्होंने अपने गांव के प्राथमिक विद्यालय (द्वितीय) में प्रधानाध्यापक और शिक्षामित्र की नियमित अनुपस्थिति तथा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की थी। उनका कहना है कि इसी शिकायत के बाद आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई।

देर रात घर पहुंचकर किया हंगामा

तहरीर के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे प्रधानाध्यापक संतोष मिश्रा, शिक्षामित्र चन्द्रप्रकाश मिश्रा तथा अन्य कई लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने घर में घुसने का प्रयास किया, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की।

पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि हंगामे के दौरान शिक्षामित्र चन्द्रप्रकाश मिश्रा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल लहराते हुए उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि शिकायत करने और "नेतागिरी" करने का अंजाम बुरा होगा तथा गाड़ी से कुचलकर जान से मार देने की धमकी दी।

गुस्से की खौफनाक इंतिहा! हैवान बनी पत्नी ने पहले डंडों से पीटा, फिर रातभर देती रही करंट, रूह कंपा देगी फतेहपुर की ये घटना

परिवार में दहशत, सुरक्षा की मांग

अभिषेक मिश्र का कहना है कि घटना के बाद उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उनके या परिवार के किसी सदस्य के साथ गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
नोएडा के फार्महाउस में रहस्यीय मौत, बर्थडे पार्टी के बाद युवक स्विमिंग पूल में हुआ बेहोश, अस्पताल में डॉक्टर बोले- I am Sorry

पुलिस को दी गई तहरीर, जांच जारी

पीड़ित ने चौक थाने में लिखित तहरीर सौंप दी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। वहीं, आरोपित पक्ष का भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  7 July 2026, 11:19 AM IST

Related News

Advertisement