हिंदी
फतेहपुर में कलयुगी पत्नी की क्रूरता (Img- PInterest)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव में रविवार की रात एक महिला ने अपने ही पति को ऐसी दर्दनाक सजा दी, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।
शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचे पति से विवाद के बाद पत्नी इस कदर हैवान बन गई कि उसने न सिर्फ पति की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसे चारपाई से बांधकर बिजली का करंट तक लगा दिया। इस खौफनाक मंजर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, परसदेपुर गांव का रहने वाला संजीव तिवारी पेशे से हलवाई का काम करता है। रविवार की रात वह अत्यधिक शराब पीकर घर लौटा था। इसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी रन्नो देवी से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रन्नो ने अपना आपा खो दिया। रात करीब साढ़े दस बजे घर के भीतर से संजीव की चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं, जिसे सुनकर पड़ोसियों के कान खड़े हो गए।
संजीव की दर्दनाक चीखें सुनकर परिवार का राहुल तिवारी और पड़ोसी शुभम द्विवेदी, भोले तिवारी समेत कई लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। राहुल ने जब संजीव के घर का दरवाजा खटखटाया, तो रन्नो देवी ने गेट खोलने से साफ इन्कार कर दिया। इस बीच अंदर से संजीव के रोने और तड़पने की आवाजें और तेज हो गईं। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए जबरदस्ती दरवाजा खुलवाया और अंदर दाखिल हुए।
कमरे के अंदर का नजारा देखते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों के होश उड़ गए और उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के आंगन में पड़ी एक चारपाई पर संजीव रस्सियों से पूरी तरह बंधा हुआ था। उसके सिर पर डंडे की चोट के गहरे निशान थे और अत्यधिक खून बह जाने के कारण पूरी चारपाई लाल हो चुकी थी।
क्रूरता की हद तो तब पार हो गई जब लोगों ने देखा कि संजीव के दाहिने पैर के अंगूठे और दाहिने हाथ की उंगली में बिजली का नंगा तार फंसा हुआ था। करंट लगने के कारण उसके पैर का अंगूठा पूरी तरह काला पड़ चुका था। मौके पर ही खून से सना हुआ वह डंडा भी बरामद हुआ जिससे संजीव का सिर फोड़ा गया था।
ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना डायल 112 नंबर पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संजीव को तुरंत फंदे से मुक्त कराया और आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भिजवाया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और फिर कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
Budaun News: फतेहपुर के पूर्व प्रधान पर लगा टक्कर मारकर भागने का आरोप, हादसे के बाद फरार हुआ चालक
औंग थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल संजीव के देवर मनीष की तहरीर पर आरोपी पत्नी रन्नो देवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Location : Fatehpur
Published : 7 July 2026, 11:11 AM IST