हिंदी
नोएडा में मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Noida: दोस्त की जन्मदिन पार्टी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब फार्महाउस के स्विमिंग पूल में नहा रहे 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अचानक पूल के अंदर बेहोश होकर गिर पड़ा। दोस्तों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मृतक की पहचान मणिपुर के तमेंगलांग जिले के तमाह गांव निवासी 26 वर्षीय लकी सनवऊ डामया के रूप में हुई है। वह नोएडा के वाजिदपुर गांव में किराये पर रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस के मुताबिक, वह सेक्टर-135 स्थित यमुना किनारे एक फार्महाउस में अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। केक काटने और खाना-पीना होने के बाद वह दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने उतर गया।
स्विमिंग पूल में नहाते समय अचानक लकी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर पानी में गिर पड़ा। वहां मौजूद दोस्तों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और पास के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती स्तर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर एक्सप्रेसवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।
एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस फार्महाउस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पार्टी में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजन दिल्ली और मणिपुर से पहुंच रहे हैं, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Location : Noida
Published : 7 July 2026, 10:56 AM IST
Topics : crime news noida news Tragic Incident UP News