लखनऊ गेमिंग जोन अग्निकांड: SIT रिपोर्ट तैयार, कई अधिकारियों पर गिर सकती है गाज

अलीगंज गेमिंग जोन अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मामले में SIT ने अपनी जांच पूरी कर ली है। रिपोर्ट में कई विभागों और अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद बड़े स्तर पर कार्रवाई की संभावना है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 2 July 2026, 9:49 PM IST
google-preferred

Lucknow : अलीगंज स्थित गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, जिसने 15 लोगों की जान ले ली थी, अब उस हादसे की जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पूरे मामले की जांच कर रही दो सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट में उन विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनकी लापरवाही इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार मानी गई है। रिपोर्ट जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपी जाएगी। जिसके बाद दोषियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई हो सकती है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर तैयार हुई जांच

उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार SIT ने घटनास्थल से जुटाए गए सबूत, फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट और संबंधित विभागों से मांगी गई जानकारी का गहन अध्ययन किया। जांच में आग लगने के कारणों के साथ-साथ यह भी सामने आया कि अवैध निर्माण के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट में ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को चिन्हित किया गया है।जिनकी लापरवाही से हालात गंभीर बने।

सेवानिवृत्त अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

SIT ने अपनी रिपोर्ट में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों का भी उल्लेख किया है। रिपोर्ट के अनुसार अवैध निर्माण के दौरान इन अधिकारियों ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा विद्युत सुरक्षा निदेशालय के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं और उनकी विस्तृत जांच कराने की सिफारिश की गई है।

20 किलोवाट की अनुमति

जांच में यह भी सामने आया कि जिस इमारत में आग लगी थी, वहां केवल 20 किलोवाट बिजली भार की स्वीकृति थी, जबकि वास्तविक उपयोग 35 किलोवाट से अधिक हो रहा था। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया। SIT ने इसे भी गंभीर प्रशासनिक चूक माना है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे : डिवाइडर तोड़ कार पर चढ़ी बस, पांच की मौत और 17 घायल

दो बार किया मौका मुआयना

15 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय SIT का गठन किया था। जिसमें अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार को शामिल किया गया। जांच के दौरान टीम ने दो बार घटनास्थल का निरीक्षण किया, संबंधित विभागों से जवाब-तलब किया और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मंगाई। अब सभी तथ्यों के आधार पर तैयार रिपोर्ट पर शासन स्तर पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  2 July 2026, 9:49 PM IST

Advertisement