हिंदी
जानें 10 दिनों में कैसे उलझता गया ट्विशा केस
Noida: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामने आया ट्विशा शर्मा मर्डर केस अब सिर्फ एक संदिग्ध मौत का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसने पूरे सिस्टम को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। एक तरफ हाई प्रोफाइल परिवार, रिटायर्ड जज सास और वकील पति का नाम सामने आ रहा है, तो दूसरी तरफ मॉडल और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल रही ट्विशा शर्मा की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। नोएडा से सपनों और प्यार के भरोसे भोपाल आई ट्विशा की जिंदगी आखिर किन परिस्थितियों में खत्म हुई, यही सवाल अब पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं। वह MBA ग्रेजुएट होने के साथ मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया से भी जुड़ी रही थीं। मिस पुणे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के अलावा वह योग ट्रेनर और मल्टीनेशनल कंपनी में भी काम कर चुकी थीं। बताया जा रहा है कि एक डेटिंग एप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद ट्विशा भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल आ गई थीं। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही रिश्ते में तनाव और विवाद की बातें सामने आने लगीं।
ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि उससे मोटी रकम और महंगे सामान की मांग की जाती थी। इतना ही नहीं, परिवार ने आरोप लगाया कि ट्विशा के चरित्र पर भी सवाल उठाए जाते थे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार का दावा है कि ट्विशा को मानसिक रोगी साबित करने के लिए उसे ओलंजापाइन जैसी दवाइयां दी जा रही थीं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद उसका जबरन अबॉर्शन कराया गया।
‘शव जल्द ले जाएं…’ पुलिस के पत्र से भड़का विवाद, ट्विशा मौत केस ने लिया नया मोड़
12 मई की सुबह यह मामला अचानक सनसनी में बदल गया, जब भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिलीं। घर के CCTV फुटेज ने इस केस को और ज्यादा उलझा दिया। फुटेज में सुबह करीब 7 बजे ट्विशा सामान्य हालत में अकेले छत पर जाती दिखाई देती हैं। इसके बाद करीब 8:20 बजे घर में अफरा-तफरी मचती दिखती है। फुटेज में समर्थ सिंह और दो अन्य लोग ट्विशा को नीचे लाते नजर आते हैं। बाद में उन्हें CPR देने की कोशिश भी की जाती है।
मामले में ट्विशा की सास Giribala Singh का नाम भी चर्चा में है। वह रिटायर्ड जज होने के साथ भोपाल उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। आरोप है कि ट्विशा की मौत के बाद उन्होंने एक रसूखदार व्यक्ति को 46 बार फोन किया। इस खुलासे के बाद सबूत मिटाने की आशंका और गहरा गई। हालांकि भोपाल कोर्ट ने उन्हें पहले ही जमानत दे दी थी, लेकिन सरकार अब उनकी जमानत रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट पहुंच चुकी है।
ट्विशा और दीपिका की मौत पर कंगना रनौत का छलका दर्द, शादीशुदा महिलाओं की असुरक्षा पर लिखा भावुक नोट
इस हाई प्रोफाइल केस में सबसे बड़ा झटका तब लगा जब बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। अब वह अदालत में प्रैक्टिस नहीं कर पाएंगे और न ही कोई वकालतनामा दाखिल कर सकेंगे। इधर, पुलिस ने समर्थ सिंह पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पासपोर्ट रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। शुक्रवार को समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत में सरेंडर करने पहुंचे। उनके वकील ने इसकी पुष्टि की। हालांकि ट्विशा के परिवार और उनके वकील ने इसका विरोध किया और कहा कि समर्थ को भोपाल कोर्ट या जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए।
मामले की गंभीरता और बढ़ते दबाव को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने केस की CBI जांच की सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी है। इधर, ट्विशा के परिवार ने बेटी को न्याय दिलाने के लिए उसका अंतिम संस्कार तक करने से इनकार कर दिया। परिवार ने शव को दिल्ली AIIMS भेजने और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी, जिसे हाईकोर्ट ने मंजूरी दे दी।
Location : Noida
Published : 22 May 2026, 9:39 PM IST