हिंदी
कोऑपरेटिव चौराहे से पिता-पुत्र गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में दूध लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमले की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि रास्ते में घात लगाकर बैठे पिता-पुत्र ने पहले व्यक्ति को घेरा और फिर सिर पर किसी कठोर वस्तु से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मामला शहर के मोहन होटल के पास का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मामला देवरिया शहर के मोहन होटल के पास का है। भटवलिया वार्ड नंबर पांच निवासी सुधाकर पाण्डेय 3 नवंबर की शाम करीब 5:50 बजे एसएसबीएल इंटर कॉलेज के पास से दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह मोहन होटल के पास पहुंचे तो आरोप है कि आलोक मिश्रा और उसके पिता रामनगीना ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
पीड़ित की शिकायत के अनुसार, हमले के दौरान रामनगीना ने उन्हें पकड़ रखा था और आलोक मिश्रा ने उनके सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सुधाकर पाण्डेय ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है। मामले में वादी ने घटना के पीछे साजिश होने की आशंका भी जताई है।
सुधाकर पाण्डेय की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0777/2026 दर्ज किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 351(2), 352 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अब हमले की वजह, दोनों आरोपियों की भूमिका और शिकायतकर्ता की ओर से जताई गई साजिश की आशंका से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामले में कार्रवाई करते हुए 4 नवंबर को कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आलोक मिश्रा और उसके पिता रामनगीना को कोऑपरेटिव चौराहे के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए जाने का आरोपित स्टील का डल्लू भी बरामद किया।
खो गई थीं यादें और जरूरी दस्तावेज, जानिए देवरिया पुलिस ने 268 लोगों की दिवाली को कैसे बनाया खास?
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। पिता-पुत्र की गिरफ्तारी और कथित हमले में इस्तेमाल बर्तन की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की आगे की विवेचना में जुटी है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Deoria
Published : 4 November 2026, 6:31 PM IST