पुरानी रंजिश में चाकू से किया कातिलाना हालमा, बलिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा

बलिया में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई और आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 October 2026, 7:29 PM IST
google-preferred

Ballia News: बलिया में पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की नीयत से विरेन्द्र साहनी पर चाकू से हमला किया था। हमले में विरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को महावीर घाट के पास से पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।

पुरानी रंजिश में चाकू मारने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 को विरेन्द्र साहनी पुत्र स्वर्गीय मोहन साहनी ने कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश को लेकर जयप्रकाश साहनी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से चाकू मार दिया। अचानक हुए हमले में विरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मामले की विवेचना में जुटी थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार विश्वास पुलिस टीम के साथ इलाके में चेकिंग और लंबित मामलों के निस्तारण में लगे थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महावीर घाट के पास घेराबंदी की और जयप्रकाश साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 33 वर्ष है। वह यारपुर बेदुआ, थाना कोतवाली बलिया का निवासी बताया गया है, जबकि उसका स्थायी पता नई बस्ती जवही, थाना हल्दी, बलिया बताया गया है।

आरोपी के पास से चाकू बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Ballia

Published :  5 October 2026, 7:29 PM IST

Advertisement