हिंदी
तेंदुए के हमले में घायल महिला अस्पताल में भर्ती
Maharajganj: महराजगंज जिले के लक्ष्मीपुर रेंज के जंगल से सटे खेत में बकरी चराने गई एक महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह के समय हुई जब महिला अपनी बकरियों को चराने खेत में गई थी। तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में महिला के सिर, चेहरे और शरीर पर गहरे घाव हो गए। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने तुरंत महिला को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला को गहन चिकित्सा की जरूरत है। इस घटना ने लक्ष्मीपुर रेंज के आसपास बसे गाँवों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में तेंदुओं का आना-जाना आम हो गया है, जिससे खेतों में काम करने वाले किसान और पशुपालक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जंगल के आसपास पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। यह घटना मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर करती है। लोग अब सतर्कता बरत रहे हैं और वन विभाग से ठोस कदम उठाने की अपील कर रहे हैं। जिससे भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो, इससे पहले भी जंगल से सटे हुए इलाकों में तेंदुए और अन्य जानवर ग्रामीणों को अपना शिकार बना चुका हैं। देखना होगा आने वाले समय में इन घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग क्या कदम उठाता हैं।
रेंजर का बयान
मामले में रेंजर वेद प्रकाश ने बताया की मामला संज्ञान में है, महिला बकरी चराने जंगल में गई थी, तेंदुये डर के कारण अपने बचाव में हमला कर देते है। लोगों को जंगल के तरफ जाने से बचना चाहिए।
Location : Maharajganj
Published : 29 June 2025, 2:59 PM IST
Topics : Attack Forest Goat Leopard Maharajganj