हिंदी
लॉरेंस बिश्नोई और बिंदू देवी (Image: Dynamite News)
Shamli News: खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर लोगों को जान से मारने की धमकी देने वाली महिला को शामली पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया है। महिला ने 7 सितंबर को अखिल भारतीय जाट महासभा के यूथ विंग के शामली जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी और यू-ट्यूबर नीरज शर्मा को फोन पर धमकी दी थी। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर जयपुर के करतारपुर से गिरफ्तार किया और शनिवार को उसे शामली लेकर पहुंची। गिरफ्तार महिला की पहचान बिहार के बक्सर निवासी बिंदू देवी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह जयपुर में एक सिक्योरिटी एजेंसी के लिए बाउंसर का काम करती थी। उसके हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का टैटू भी बना हुआ है।
मामले की शुरुआत 2 सितंबर को हुई, जब शामली निवासी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की तेरहवीं में जाट महासभा के यूथ विंग के जिलाध्यक्ष मुकुल चौधरी पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक यूट्यूब चैनल पर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग को लेकर टिप्पणी की थी। बताया गया है कि इसी वीडियो को यू-ट्यूबर नीरज शर्मा ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था। वीडियो के बाद जयपुर में रहने वाली बिंदू देवी ने फेसबुक पर कमेंट के जरिए नीरज का मोबाइल नंबर हासिल किया। इसके बाद उसने फोन कर मुकुल चौधरी और नीरज शर्मा को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस पूछताछ में बिंदू देवी ने दावा किया कि वह करीब आठ साल से लॉरेंस बिश्नोई को अपना पति मानती है। उसने पुलिस के सामने कहा कि वह उससे कभी नहीं मिली, लेकिन मौका मिलने पर उससे मिलने की इच्छा रखती है। महिला का कहना था कि लॉरेंस के बारे में कोई गलत बात करेगा तो वह उसका विरोध करेगी और बदला लेगी। उसने लॉरेंस पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी सवाल उठाए।
धमकी मिलने के बाद नीरज शर्मा और मुकुल चौधरी ने 9 सितंबर को शामली के एसपी से शिकायत की थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महिला की लोकेशन ट्रेस की और एक टीम जयपुर के करतारपुर पहुंची। पुलिस ने वहां से बिंदू देवी को गिरफ्तार किया। इसके बाद 12 सितंबर को उसे शामली लाया गया। पुलिस ने महिला के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे कथित तौर पर धमकी दी गई थी।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, बिंदू देवी मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली है। करीब आठ साल पहले पति से तलाक के बाद वह जयपुर में रहने लगी थी। उसके चार बेटियां और एक बेटा है। पुलिस अब धमकी देने के पीछे की पूरी वजह और महिला के अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।
Location : Shamli
Published : 13 September 2026, 3:30 PM IST