टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के बाद तीनों आरोपियों ने क्या-क्या किया? रास्ता भूलने की वजह से दबोचे गए

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अंधेरी से बोरीवली, सूरत और फिर ट्रेन से कोटा पहुंचे थे। पुलिस अब वारदात के पीछे की वजह और संभावित साजिश की जांच कर रही है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 October 2026, 6:46 PM IST
google-preferred

Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी राजतिलक रौशन के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपियों की तलाश में 20 टीमें लगाई गई थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ट्रेन से राजस्थान की ओर जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने कोटा में उन्हें पकड़ लिया। अब पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और कथित साजिश का पता लगाने में जुटी है।

फायरिंग के बाद बाइक से रेलवे स्टेशन पहुंचे आरोपी

डीसीपी राजतिलक रौशन ने बताया कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के बाद तीनों आरोपी बाइक से अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने लोकल ट्रेन पकड़ी और बोरीवली गए। इसके बाद कैब से सूरत पहुंचे। आरोपियों ने आगे का सफर स्टेट ट्रांसपोर्ट बस से करने की योजना बनाई थी, लेकिन रास्ता समझ नहीं आने के कारण वे सूरत रेलवे स्टेशन पहुंच गए। इसके बाद तीनों कोटा जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस को जांच के दौरान उनके ट्रेन से राजस्थान की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके आधार पर मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को कोटा से पकड़ लिया।

हरियाणा और बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

पकड़े गए तीन आरोपियों में से दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तीनों में से कोई भी नाबालिग नहीं है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग किसके कहने पर की गई और इसके पीछे क्या वजह थी। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक उसके पास ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं है, जिससे यह पता चले कि फायरिंग की घटना से पहले टाइगर श्रॉफ को कोई धमकी मिली थी।

Location :  Mumbai

Published :  19 October 2026, 6:46 PM IST

Advertisement