गोरखपुर में कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, फिर टिकरिया जंगल में बिछ गई लाश

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया जंगल गांव में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू और डंडा बरामद किया है।

Gorakhpur : गुलरिहा थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद ने गुरुवार को खौफनाक मोड़ ले लिया। टिकरिया जंगल गांव में मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपियों ने धारदार हथियारों और डंडे से हमला कर दिया। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

पुरानी रंजिश में हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, वादी ने गुलरिहा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही अवधेश, सूरज चौहान, शैलेष जायसवाल, भाने चौहान और मुग्गन प्रसाद चौहान ने पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर उसके माता-पिता पर हमला किया। पहले गाली-गलौज हुई और फिर आरोपियों ने धारदार हथियार, सब्बल, भाला और अन्य हथियारों से हमला बोल दिया।

पिता की मौत, मां गंभीर घायल

हमले में वादी के पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

गोरखपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, कौन हैं गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार तीन वांछित आरोपी

कुछ घंटों में पांच आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश, सूरज चौहान, शैलेष जायसवाल, भाने चौहान और मुग्गन प्रसाद चौहान निवासी टिकरिया जंगल, थाना गुलरिहा के रूप में हुई है।

चाकू और डंडा बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक चाकू और एक डंडा बरामद किया है। मामले में थाना गुलरिहा पर मुकदमा अपराध के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस घटना में इस्तेमाल अन्य हथियारों को लेकर भी जांच कर रही है।

गांव में पुलिस की निगरानी

हत्या की घटना के बाद टिकरिया जंगल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  गोरखपुर

Published :  10 July 2026, 3:23 AM IST

Related News

Advertisement