28 मुकदमे, कई जिले और चोरी-लूट का नेटवर्क… गोरखपुर पुलिस ने खोला गैंग का खेल

गोरखपुर में शाहपुर पुलिस ने चोरी और लूट के मामलों में शामिल दो शातिर अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों पर करीब 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

Gorakhpur : जिले में चोरी, नकबजनी और लूट की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले एक गिरोह पर शाहपुर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने दो शातिर अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। आरोप है कि ये दोनों आरोपी संगठित तरीके से गिरोह बनाकर अलग-अलग जिलों में वारदातों को अंजाम देते थे और लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे।

शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थाना शाहपुर पुलिस ने गिरोह के सरगना पंचम गौड़ और उसके सहयोगी मुलायम गौड़ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपी देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सोपरी खुर्द के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक पंचम गौड़ गिरोह का लीडर है। मुलायम गौड़ उसका सहयोगी बताया जा रहा है।

इस मामले में थाना शाहपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

गोरखपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, कौन हैं गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार तीन वांछित आरोपी

जिलों में फैला था अपराध का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह चोरी, नकबजनी और लूट जैसी घटनाओं को सुनियोजित तरीके से अंजाम देता था। इनकी गतिविधियों के कारण आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था। पुलिस अफसर ने बताया कि गिरोह के सदस्य अपराध करके अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहते थे। जिससे इन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण हो जाता था।

जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर की स्वीकृति के बाद पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार किया और फिर दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। पुलिस का मकसद इनके स्वतंत्र आवागमन पर रोक लगाना और भविष्य में होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकना है।

28 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस अभिलेखों के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास लंबा है। इनके खिलाफ गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर के अलग-अलग थानों में करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट और पहले से दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे भी शामिल हैं। कैम्पियरगंज, शाहपुर, गुलरिहा, खोराबार, रामगढ़ताल, पनियरा, फरेंदा, सोनौली, हाटा और कसया थानों में इनके खिलाफ मामले दर्ज बताए गए हैं।

अपराधियों पर जारी रहेगा अभियान

शाहपुर पुलिस ने बताया कि संगठित अपराध करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में रह सकें।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 July 2026, 10:31 PM IST

Related News

Advertisement