हिंदी
गोरखपुर में गैस सिलेंडर वितरण की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। कालिंदी गैस एजेंसी सहित कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को आसानी से सिलेंडर मिल रहा है। हालांकि गैस लेने के लिए KYC अपडेट और पिछली डिलीवरी के कम से कम 25 दिन बाद की बुकिंग अनिवार्य कर दी गई है।
गोरखपुर में गैस को लेकर अफवाह खत्म
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। शहर की कालिंदी गैस एजेंसी समेत कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को बिना ज्यादा परेशानी के सिलेंडर मिल रहे हैं। ग्राउंड जीरो पर जाकर देखा गया तो अधिकतर एजेंसियों पर सिलेंडर का नियमित वितरण जारी था।
जानकारी के मुताबिक वर्तमान में 975 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ता अपनी बुकिंग के आधार पर एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर रहे हैं। एजेंसियों के बाहर भीड़भाड़ या लंबी कतार जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली। एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल गैस की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में हो रही है, इसलिए वितरण प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है। उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल रहा है और किसी तरह की बड़ी समस्या सामने नहीं आई है।
गैस वितरण को लेकर कुछ नए नियम लागू किए गए हैं, जिनका पालन उपभोक्ताओं को करना जरूरी है। एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार अब गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं का KYC अपडेट होना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के बाद कम से कम 25 दिन पूरे होने पर ही नई बुकिंग के आधार पर गैस दी जा रही है।
Raebareli News: आंगनबाड़ी प्रतिनिधिमंडल की राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से मुलाकात, की ये बड़ी मांग
यह नियम लागू होने के बाद कई उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं थी, जिसके कारण शुरुआत में कुछ लोगों को परेशानी भी हुई। एजेंसी कर्मियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इससे फर्जी कनेक्शन और अनियमित बुकिंग पर भी रोक लग सकेगी।
हालांकि अधिकांश जगहों पर गैस वितरण सामान्य रहा, लेकिन कुछ एजेंसियों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी देखने को मिली। दरअसल कुछ लोग तुरंत गैस सिलेंडर लेने पहुंचे थे, लेकिन 25 दिन की अवधि पूरी न होने के कारण उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा सका। इस बात को लेकर कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मचारियों से नाराजगी जताई। हालांकि कर्मचारियों ने उन्हें कंपनी और सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियमों की जानकारी दी और समझाया कि यह नियम सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू हैं।
एजेंसी कर्मियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि जैसे ही 25 दिन की अवधि पूरी होगी, उन्हें आसानी से गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। फिलहाल गोरखपुर में गैस सिलेंडर वितरण की स्थिति सामान्य है और उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में कोई बड़ी दिक्कत सामने नहीं आ रही है।