हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Kaushambi: कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरी बहनों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया।
यह हादसा मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र की टेवां पुलिस चौकी अंतर्गत शरीफपुर गांव के मजरा जजौली में हुआ। गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान बादल सरोज की पौत्रियां रागिनी (10) पुत्री राकेश सरोज और संजना (10) पुत्री राजेश सरोज शुक्रवार सुबह बकरी चराने के लिए गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित तालाब के पास गई थीं।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों बच्चियां बकरी चराने के दौरान तालाब के किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। देखते ही देखते दोनों डूबने लगीं और खुद को बचा नहीं सकीं।
घटना के समय दोनों बच्चियों के साथ उनकी छोटी बहन रोशनी (8) पुत्री राजेश सरोज भी मौजूद थी। जब उसने अपनी बहनों को पानी में डूबते देखा तो घबरा गई और तुरंत घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।
बच्चियों के तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। इसके बाद गांव वालों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू की गई।
काफी तलाश के बाद ग्रामीणों ने तालाब से दोनों बच्चियों के शव बाहर निकाले। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए तालाब में हुए अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि जेसीबी मशीनों से मिट्टी निकाले जाने के कारण तालाब काफी गहरा हो गया है। बरसात और अन्य स्रोतों से उसमें पानी भर जाने के बाद यह तालाब खतरनाक रूप ले चुका है।
ग्रामीणों के मुताबिक यदि तालाब की गहराई सामान्य होती तो संभवतः बच्चियों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा एसडीएम सदर, लेखपाल और टेवां चौकी प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। चचेरी बहनों की एक साथ हुई मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।
Location : Kaushambi
Published : 5 June 2026, 2:36 PM IST