हिंदी
युवकों का फेसबुक वीडियो वायरल (Img: Google)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिन पांच दोस्तों ने कुछ देर पहले फेसबुक पर घूमने-फिरने का वीडियो पोस्ट किया था, उन्हें शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी आखिरी वीडियो बन जाएगी। महज 30 मिनट बाद तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई टक्कर में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है।
यह हादसा करारी थाना क्षेत्र के दरियापुर चौराहे के पास हुआ, जहां एक ही बाइक पर सवार पांच युवक अचानक काल के गाल में समा गए।
हादसे से पहले युवकों ने बाइक पर घूमते हुए एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया था। वीडियो में पांचों युवक हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही मिनटों बाद यही वीडियो सोशल मीडिया पर दर्द और मातम की वजह बन जाएगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक धनपरा से दरियापुर की तरफ जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चार युवकों ने दम तोड़ दिया था। मृतकों की पहचान राहुल, आकाश सरोज (25), अमन (22) और संजीत के रूप में हुई है। वहीं पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार आकाश और अमन रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण, सीओ सदर शिवांक सिंह और करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की वजह जानने की कोशिश कर रही है।
Gorakhpur Firing: पत्नी से अवैध संबंध के शक में बड़े भाई ने छोटे भाई पर दागी गोली, हालत गंभीर
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि डायल 112 के जरिए सड़क हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि पांच युवक एक ही बाइक पर सवार थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी टक्कर हुई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की हर एंगल से जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बाइक पर पांच युवकों का सफर और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही, दोनों ने मिलकर चार जिंदगियां छीन लीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
Location : Kaushambi
Published : 15 May 2026, 1:23 PM IST