हिंदी
नाली में मिला एक अजन्मा बच्चा (Img: Dynamite News)
Kasganj: जिस उम्र में एक नन्ही जिंदगी मां के गर्भ में धीरे-धीरे आकार ले रही होती है, जिस वक्त उसके दुनिया में आने की उम्मीदें जुड़ने लगती हैं, उसी जिंदगी का अंत कासगंज की एक गली की नाली में हो गया। बुधवार सुबह रेलवे रोड स्थित आजाद नगर वाली गली में नाली के अंदर भ्रूण पड़ा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो हर कोई सन्न रह गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण को बाहर निकलवाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसकी उम्र करीब 16 से 20 सप्ताह बताई जा रही है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर भ्रूण यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे की असली वजह क्या है?
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 8 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे रोड स्थित आजाद नगर वाली गली के पास नाली में एक नवजात का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें- फरियादियों को नहीं करना पड़ा इंतजार, खुद उनके पास पहुंच गए महराजगंज के डीएम
पुलिस ने जब नाली से शव को बाहर निकलवाया तो पता चला कि वह नवजात नहीं, बल्कि करीब 16 से 20 सप्ताह का भ्रूण था। उसके शरीर के कुछ अंग भी विकसित हो चुके थे। यह देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
भ्रूण के मिलने पर जांच करती पुलिस (Img: Dynamite News)
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला ने भ्रूण का परित्याग कर उसे नाली में छोड़ दिया होगा। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भ्रूण वहां किसने और कब रखा था। इसके पीछे क्या परिस्थितियां रहीं, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले मामले की जांच कर रही है। भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर आवश्यक वैधानिक कदम उठाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
ये भी पढ़ें- 15 लाख का इनामी लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर! कौन था लश्कर का ये खूंखार कमांडर, जिसके पीछे पड़ा था सुरक्षा तंत्र?
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति रही होगी कि एक अजन्मे बच्चे को इस तरह नाली में छोड़ दिया गया? क्या इसके पीछे सामाजिक दबाव था, पारिवारिक परेशानी या कोई दूसरी वजह? फिलहाल इन सवालों का जवाब किसी के पास नहीं है।
Location : Kasganj
Published : 18 November 2026, 1:26 PM IST
Topics : crime news Kasganj Fetus Found kasganj news UP News