हिंदी
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को लेकर सख्त गाइडलाइंस (Img- Dynamite News)
Muzaffarnagar: हर साल करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर मुजफ्फरनगर के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए प्रस्थान करते हैं। कांवड़ियों की इस विशाल यात्रा के दौरान उनके स्वास्थ्य और जेब दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुजफ्फरनगर के खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक नई और अनोखी पहल शुरू की है। इस बार कांवड़ मार्ग पर केवल अधिकारियों की गश्त ही नहीं होगी, बल्कि श्रद्धालुओं को भी शिकायत दर्ज कराने के लिए 'डिजिटल हथियार' दिया गया है।
कांवड़ मेले को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए पूरे जिले को 6 प्रमुख रूटों में बांटा गया है। हर रूट पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (FSO) की एक-एक स्पेशल टीम तैनात की गई है। ये टीमें कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी ढाबों, होटलों और खाने-पीने की दुकानों पर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और रेट लिस्ट की लगातार जांच कर रही हैं। विभाग की मंशा साफ है कि कांवड़ियों को बासी या मिलावटी खाना न परोसा जाए।
फूड विभाग का कड़ा पहरा (Img- Dynamite News)
इस व्यवस्था का सबसे नया और खास पहलू 'फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप' है। कांवड़ मार्ग के हर खाद्य प्रतिष्ठान पर रेट लिस्ट के साथ-साथ एक क्यूआर कोड भी चस्पा किया जा रहा है। यदि किसी कांवड़िए को खाने की गुणवत्ता में खराबी लगती है या कोई दुकानदार तय दरों से ज्यादा पैसे (ओवररेटिंग) वसूलता है, तो श्रद्धालु अपने मोबाइल से उस क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि सभी दुकानदारों को अपना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन दुकान के बाहर साफ दिखने वाली जगह पर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि:
दुकानों पर रेट लिस्ट और फूड सेफ्टी ऐप अनिवार्य (Img- Dynamite News)
1. खाने में मिलावटी या कृत्रिम रंगों का प्रयोग न करें।
2. बर्तन पूरी तरह साफ होने चाहिए और कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें।
3. खाना उचित तापमान पर रखा जाए ताकि वह बासी न हो।
4. जरूरत के हिसाब से ही ताजा खाना तैयार किया जाए।
प्रशासन की इस मुस्तैदी से स्थानीय व्यापारी भी नियमों का पालन करते नजर आ रहे हैं। होटल मालिक रोहित कुमार ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने उनके होटल की गहन जांच की और सभी व्यवस्थाएं सही पाई गईं। दुकानों पर सरकारी रेट लिस्ट लगा दी गई है और उसी के अनुसार सामान बेचा जा रहा है। जिला प्रशासन दिन-रात यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि करोड़ों शिवभक्तों की यह पावन यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुखद और शांतिपूर्ण रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 28 July 2026, 12:14 PM IST