हिंदी
रात 1 बजे ADG ने किया फ्लैग मार्च (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: कांवड़ यात्रा 2026 के बीच हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्तों का जत्था लगातार मुजफ्फरनगर पहुंच रहा है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी बीच शनिवार देर रात करीब 1 बजे मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर मुजफ्फरनगर पहुंचे और अधिकारियों व पुलिस फोर्स के साथ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
एडीजी भानु भास्कर ने एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारियों और पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख कांवड़ मार्ग पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत भी की।
देर रात पुलिस अधिकारियों को सड़क पर मुस्तैद देखकर कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता साफ नजर आई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। अधिकारियों की ओर से किए गए इस स्वागत से कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्तों का मनोबल बढ़ाते हुए यात्रा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन का संदेश दिया।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर करोड़ों शिवभक्त मुजफ्फरनगर के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर जाते हैं। ऐसे में मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील माना जाता है।
इसी को देखते हुए जिले के पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी दिन-रात सड़क पर तैनात हैं। अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारियां दी गई हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी की जा रही है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग पर चलने की जानकारी दी जा रही है। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है।
इसके अलावा AI आधारित कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में समय रहते व्यवस्थाओं को नियंत्रित किया जा सके।
एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि कांवड़ यात्रा पुलिस के लिए करीब 12 से 14 दिनों की चुनौती होती है। उत्तर प्रदेश पुलिस हर वर्ष इस जिम्मेदारी को पूरी मुस्तैदी से निभाती है। उन्होंने कहा कि इस बार भी पुलिस बल पूरी तरह चौकस है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
उन्होंने कहा कि दूर-दूर से शिवभक्त अपनी मनोकामना लेकर यात्रा कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर से गुजरने वाले कांवड़ियों का स्वागत किया जा रहा है और आगे भी उनका मनोबल बढ़ाने के लिए पुलिस की ओर से इसी तरह सहयोग जारी रहेगा।
एडीजी ने कहा कि देर रात होने के बावजूद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी कर रहे हैं। अधिकारियों का लक्ष्य है कि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की निगरानी यात्रा के दौरान लगातार जारी रहेगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 2 August 2026, 10:16 AM IST