हिंदी
घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती हुई पुलिस
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेतों के बीच एक पेड़ से रस्सी के सहारे युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस, थाना पुलिस और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, थाना मंगलपुर क्षेत्र के गढ़िया पृथ्वीराज और विजया रामपुर गांव के बीच स्थित खेतों में डेरापुर थाना क्षेत्र के मवई मुक्ता गांव निवासी 48 वर्षीय प्रमोद कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के फूफा मुहर सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के फूफा मुहर सिंह भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी चंदा देवी के साथ गढ़िया पृथ्वीराज गांव में रहते हैं और उनकी कोई संतान नहीं है। उन्होंने प्रमोद कुमार की बड़ी बेटी दीक्षा को गोद लिया था और अपनी जमीन भी उसके नाम कर दी थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर परिवार के कुछ लोग रंजिश मानने लगे थे और पहले भी विवाद हो चुका था।
कानपुर देहात ब्रेकिंग: संदिग्ध परिस्थितियों में सेना के जवान की मौत
मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा, बेटी दीक्षा, लाडो तथा बेटे आदित्य और अनुज को छोड़ गए हैं। परिजनों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाए जाने की आशंका जताई है।
Kanpur Dehat News: नाबालिग से दुष्कर्म कर भागा आरोपी, 24 घंटे में पहुंच गया सलाखों के पीछे
झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur Dehat
Published : 9 May 2026, 10:30 AM IST