Kanpur Car Fire: चलती अर्टिगा बनी आग का गोला, शीशा तोड़कर चार युवकों ने बचाई जान

कानपुर के नवीन गंगा पुल पर मंगलवार देर रात चलती आर्टिगा कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार चार युवकों ने समय रहते शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन सुबह तक पुल पर जाम की स्थिति बनी रही।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 September 2026, 1:26 PM IST
google-preferred

Kanpur News: कानपुर में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवीन गंगा पुल पर चलती आर्टिगा कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी और उसमें सवार चार युवकों की जान पर बन आई। हालांकि, सूझबूझ दिखाते हुए युवकों ने कार का शीशा तोड़ा और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया।

उन्नाव से कानपुर जाते समय कार में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्लागंज के कोतवाली गंगा घाट क्षेत्र के नवीन गंगा पुल की है। मंगलवार रात करीब एक बजे एक सेवन सीटर आर्टिगा कार उन्नाव से कानपुर की ओर जा रही थी। कार की रफ्तार काफी तेज बताई जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। आग लगते ही कार में बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। कार चला रहे कानपुर के बर्रा निवासी सौरभ गुप्ता के साथ उनके दो भाई और एक दोस्त मौजूद थे। चारों लोग लखनऊ से कानपुर अपने घर लौट रहे थे। खतरा बढ़ता देख सभी ने तुरंत कार से बाहर निकलने की कोशिश की और शीशा तोड़कर बाहर आ गए।

10 से 15 फीट ऊंची उठीं आग की लपटें

कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार से निकल रही आग की लपटें करीब 10 से 15 फीट तक ऊपर उठ रही थीं। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे पुल पर वाहनों की आवाजाही कम थी और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते ही गंगा घाट पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। हादसे में कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन कार सवार चारों युवक सुरक्षित हैं। बालू घाट चौकी प्रभारी अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

सुबह नवीन गंगा पुल पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद जली हुई कार को तुरंत हटाया नहीं जा सका, जिसके कारण बुधवार सुबह नवीन गंगा पुल पर लंबा जाम लग गया। ऑफिस जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभालने और जाम खुलवाने में जुटी रही।

 

Location :  Kanpur News

Published :  9 September 2026, 1:21 PM IST

Advertisement