हिंदी
शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की मौत (Img: AI)
Jhansi: झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में शादी के महज चार महीने बाद 33 वर्षीय सपना साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से एक दिन पहले सपना ने अपने भाई को फोन कर ससुराल में मन न लगने की बात कही थी और उसे वहां से ले जाने की गुहार लगाई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार सपना साहू की शादी करीब चार महीने पहले अभिषेक साहू के साथ हुई थी। वह 18 जून को अपने मायके से वापस ससुराल गई थी। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
Jhansi: जमीन की जंग में बही खून की धार! लाठियों की गूंज से कांपा गांव, 7 लोग घायल
शनिवार रात करीब 11 बजे सपना ने अपने भाई सत्येंद्र साहू को फोन किया। परिजनों के मुताबिक, उसने रोते हुए कहा, "भाई, मुझे यहां अच्छा नहीं लग रहा है, यहां से ले जाओ।" भाई ने उसे समझाते हुए कहा कि घर में बड़े ससुर की त्रयोदशी का कार्यक्रम पूरा होने के बाद मंगलवार को उसे मायके ले आएंगे।
रविवार सुबह सपना के पति अभिषेक का फोन मायके पहुंचा। उसने बताया कि सपना कुछ बोल नहीं रही है। सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, जहां सपना बेड पर बेसुध पड़ी मिली। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई सत्येंद्र साहू ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज को लेकर सपना का मानसिक उत्पीड़न करता था। उनका यह भी आरोप है कि पति अभिषेक उसे पर्याप्त समय नहीं देता था। परिजनों ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है।
कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Location : Jhansi
Published : 28 June 2026, 8:50 PM IST