मैनपुरी में गरजे जयवीर सिंह: कांग्रेस पर घुसपैठ का आरोप, सपा-AAP पर भी साधा निशाना!

मैनपुरी में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने घुसपैठ, कानून-व्यवस्था, EVM और अंबेडकर जयंती जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरते हुए बीजेपी की रणनीति और 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा भी किया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 April 2026, 1:52 PM IST
google-preferred

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में उस वक्त सियासी पारा चढ़ गया जब कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उनके बयान में न सिर्फ आरोप थे, बल्कि आने वाले चुनावों को लेकर बड़ा दावा भी था। बात चाहे घुसपैठ की हो, या कानून-व्यवस्था की हर मुद्दे पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी और विपक्ष को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

कांग्रेस पर घुसपैठ को लेकर बड़ा आरोप

जयवीर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब कांग्रेस सत्ता में रही, उस दौरान देश में घुसपैठियों की संख्या सबसे ज्यादा बढ़ी। उन्होंने कहा कि उस समय की परिस्थितियां चाहे जो रही हों, लेकिन सच्चाई यही है कि घुसपैठ की समस्या उसी दौर में सबसे ज्यादा बढ़ी, जिसका खामियाजा आज तक देश भुगत रहा है।

AAP के अंदरूनी हालात पर भी उठाए सवाल

उन्होंने आम आदमी पार्टी को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। उनके मुताबिक, यह पार्टी का आंतरिक मामला जरूर है कि कौन नेता होगा या किसे राज्यसभा भेजा जाएगा, लेकिन यह साफ दिख रहा है कि वहां अनुशासन कमजोर हो रहा है और अंदरूनी खींचतान बढ़ रही है।

मैनपुरी में भारतीय किसान यूनियन का बड़ा एक्शन, एक झटके में कई पदाधिकारी को दिखाया बाहर का रास्ता, जानें क्यों

BJP हमेशा चुनाव मोड में

जयवीर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की रणनीति पर बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी हमेशा चुनाव मोड में रहती है। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी नई ऊर्जा के साथ काम कर रही है और पार्टी के कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच जाकर सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को पहुंचा रहे हैं।

लाउडस्पीकर विवाद पर सख्त रुख

असम में चुनाव प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ के बयान पर उठे विवाद को लेकर भी जयवीर सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय बच्चों को शांति की जरूरत होती है, लेकिन अगर बिना अनुमति के तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजते हैं, तो यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने साफ कहा कि चाहे किसी भी धर्म का व्यक्ति हो हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई अगर नियमों का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

EVM मुद्दे पर अखिलेश यादव पर तंज

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के EVM पर उठाए सवालों पर भी उन्होंने पलटवार किया। जयवीर सिंह ने कहा कि जहां विपक्ष जीत जाता है, वहां EVM पर सवाल नहीं उठते, लेकिन जहां हार मिलती है, वहां मशीनों पर आरोप लगाना शुरू कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की सभी संवैधानिक संस्थाएं पूरी ईमानदारी से काम कर रही हैं और भारत निर्वाचन आयोग भी निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराता है।

मासूम को बहलाकर ले गया… लेकिन बच नहीं पाया आरोपी; पढ़ें मैनपुरी की पूरी खबर

अंबेडकर जयंती को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला

समाजवादी पार्टी द्वारा गांव-गांव अंबेडकर जयंती मनाने के सवाल पर जयवीर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दलितों को धोखा देने का काम समाजवादी पार्टी ने किया है। उन्होंने ‘गेस्ट हाउस कांड’ का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना को भुलाया नहीं जा सकता, जब मायावती को निशाना बनाया गया था। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच जब अखिलेश यादव की सरकार थी, तब प्रदेश में गुंडागर्दी, जमीन कब्जा और दबंगई अपने चरम पर थी, खासकर दलितों की जमीनों पर कब्जे के मामले बढ़े थे।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 4 April 2026, 1:52 PM IST

Advertisement