हिंदी
जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Chaibasa: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पश्चिम सिंहभूम जिला समिति ने विष्णुगढ़ कांड को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना बेहद दुखद और अमानवीय है। इस वारदात ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को भी उजागर करती है। देवगम ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
झामुमो ने इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनाराम देवगम के अनुसार, भाजपा ने इस संवेदनशील घटना को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की और इसे सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट, जानियें क्या है चुनाव आयोग का प्लान
उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति समाज में तनाव और अशांति पैदा करती है। देवगम का दावा है कि जांच में सच्चाई सामने आने के बाद भाजपा का असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग पहले जनता को गुमराह करते हैं और बाद में सच सामने आने पर चुप्पी साध लेते हैं।
झामुमो नेता ने दावा किया कि इस मामले का मुख्य आरोपी भीम राम भाजपा से जुड़ा हुआ है और वह पार्टी के बूथ अध्यक्ष के साथ-साथ एससी-एसटी प्रकोष्ठ से भी संबंध रखता है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में जवाब देने और जनता से माफी मांगने की मांग की।
सोनाराम देवगम ने यह भी कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा समाज को धर्म के आधार पर बांटने की रही है, लेकिन अब जनता इस रणनीति को समझ चुकी है और इसका जवाब देगी।
देवगम ने बताया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों, जिनमें बच्ची की मां और एक कथित तांत्रिक शामिल हैं, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झामुमो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही भाजपा को सलाह दी कि वह इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय आत्ममंथन करे और अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करे।
Location : Chaibasa
Published : 4 April 2026, 12:21 PM IST
No related posts found.