हिंदी
प्रेम-प्रसंग बना मौत की वजह (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। 27 वर्षीय सूर्यकांत यादव को पहले अगवा किया गया, फिर कई दिनों तक उसकी पिटाई की गई और अंततः उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, चार दिन पहले तड़के कुछ युवक कारों में सवार होकर उसके घर पहुंचे और उसे जबरन उठा ले गए। आरोप है कि अपहरण के बाद उसे बदायूँ और बरेली सहित कई स्थानों पर ले जाया गया, जहाँ लगातार उसके साथ मारपीट की गई। कुछ सूत्रों का कहना है कि उसे नोएडा तक भी ले जाया गया था।
लगातार पिटाई के कारण जब सूर्यकांत बेहोश हो गया, तो आरोपी उसे उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर किया गया। वहाँ से भी हालत में सुधार न होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
सैफई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने युवक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसने देर रात दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।
बदायूं के मंगला माता मेला: झूले के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन, इजाजत किसने दी?
परिजनों ने इस मामले में पाँच लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका दावा है कि पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार में आक्रोश है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि वह आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
Budaun News: इंसाफ के दरवाजे पर ही टूटी उम्मीद, बदायूं में महिला ने उठाया खौफनाक कदम
घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मृतक मूल रूप से कादरचौक के बोंदारी गांव का रहने वाला था, लेकिन वह उझानी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।
Location : Budaun
Published : 4 April 2026, 9:39 AM IST
Topics : Budaun News crime news Murder Case UP News UP Police