हिंदी
मैनपुरी के लाखनमऊ गांव में राधा-कृष्ण मेले के उद्घाटन के दौरान फीता काटने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने दलित पिता-पुत्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश है।
पिता-पुत्र की पिटाई
Mainpuri : बरनाहल क्षेत्र में आयोजित राधा-कृष्ण मेले में उस वक्त माहौल दहशत में बदल गया। जब एक मामूली बात को लेकर दबंगों ने दलित पिता-पुत्र पर बेरहमी से हमला कर दिया। हैरानी की बात ये रही कि पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फीता काटने को लेकर बढ़ा विवाद
घटना बरनाहल थाना क्षेत्र के लाखनमऊ गांव की है। जहां राधा-कृष्ण मेले का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि मेले के उद्घाटन के दौरान एक दलित व्यक्ति द्वारा फीता काटना गांव के प्रधान और उसके समर्थकों को पसंद नहीं आया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। यह देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दबंगों ने दलित पिता-पुत्र को घेर लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि ये पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई लेकिन हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने किसी का डर नहीं दिखाया।
मैनपुरी में मेले का उद्घाटन बना बवाल : फीता काटने को लेकर दलित पिता-पुत्र पर दबंगों का हमला, पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट। घटना का वीडियो वायरल, दोनों घायल सैफई रेफर।@mainpuripolice #Mainpuri #UPCrime pic.twitter.com/8dFCZiEUci
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 4, 2026
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पीड़ित युवक रहम की गुहार लगाता रहा। आरोपियों ने एक नहीं सुनी। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मारपीट में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
पीड़ित पक्ष ने कहा कि हमलावर अवैध हथियारों से लैस थे और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।