8 साल बाद IPS जसवीर सिंह की वापसी! राजा भैया से लेकर योगी आदित्यनाथ तक, जानिए क्यों रहे थे चर्चा में

उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ IPS अधिकारी जसवीर सिंह करीब आठ साल बाद बहाल हो गए हैं। 2019 में निलंबित हुए जसवीर सिंह राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले की जांच, योगी आदित्यनाथ पर रासुका लगाने की संस्तुति और पुलिस की एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाने को लेकर चर्चा में रहे हैं। जानिए उनकी बहाली और पूरे विवाद की कहानी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 November 2026, 7:29 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। करीब आठ साल तक निलंबन का दंश झेलने वाले IPS अधिकारी जसवीर सिंह की आखिरकार बहाली हो गई है। 2019 में शासन से टकराव और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाने के बाद निलंबित किए गए 1992 बैच के इस अधिकारी को 16 नवंबर को बहाल करने का आदेश जारी कर दिया गया। हालांकि, बहाली के बाद भी उन्हें फिलहाल कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।

अब आठ साल बाद शासन ने लिया फैसला

IPS जसवीर सिंह को 14 फरवरी 2019 को निलंबित किया गया था। उस समय वह ADG (रूल्स एंड मैनुअल्स) के पद पर तैनात थे। पुलिस विभाग में उनकी गिनती ऐसे अधिकारियों में होती रही है, जिन्होंने कई बार अपने फैसलों और बयानों से सत्ता के गलियारों में हलचल पैदा की। जनवरी 2019 में एक अंग्रेजी न्यूज पोर्टल को दिए गए इंटरव्यू के बाद उनका विवाद शुरू हुआ। इस इंटरव्यू में उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, एनकाउंटर नीति और अधिकारियों की तैनाती जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए थे। शासन ने उनके इस इंटरव्यू को अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना और उनसे जवाब तलब किया।

योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, अब यूपी में किसी गुंडे की नहीं चलेगी मनमानी; सीएम ने बताया कैसे बदली प्रदेश की तस्वीर?

राजा भैया के खिलाफ जांच से आए थे चर्चा में

जसवीर सिंह का नाम पहली बार बड़े स्तर पर तब सुर्खियों में आया था, जब वह समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान फूड सेल में एसपी के पद पर तैनात थे। उस समय उन्होंने तत्कालीन विभागीय मंत्री राजा भैया के खिलाफ खाद्यान्न घोटाले की जांच शुरू की थी। इस मामले में सरकारी राशन की कालाबाजारी के गंभीर आरोप सामने आए थे। जांच के दौरान कोटे के राशन के साथ-साथ मिड डे मील के लिए आवंटित अनाज को भी बाजार में बेच दिए जाने की बात सामने आई थी। इस मामले ने प्रदेश की राजनीति में काफी हलचल पैदा कर दी थी।

योगी पर रासुका लगाने की थी तैयारी

जसवीर सिंह के करियर से जुड़ा एक और चर्चित मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित है। उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में बताया था कि वर्ष 2002 में महराजगंज के एसपी रहते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की संस्तुति की थी। उनके इस बयान ने एक बार फिर पुरानी राजनीतिक और प्रशासनिक घटनाओं को चर्चा में ला दिया था। जसवीर सिंह ने इंटरव्यू में यह भी कहा था कि इस फैसले का खामियाजा उन्हें लंबे समय तक भुगतना पड़ा।

राजा भैया के गढ़ में बागेश्वर की रामकथा में उमड़ा सैलाब, रामदेव हेलीकॉप्टर से पहुंचे, 500 पाकिस्तानी हिंदुओं ने भी लगाई हाजिरी!

एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाना पड़ा था भारी?

2019 में निलंबन से पहले जसवीर सिंह ने पुलिस व्यवस्था को लेकर खुलकर अपनी राय रखी थी। अंग्रेजी न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने एनकाउंटर नीति, पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग और विभागीय कामकाज को लेकर सवाल उठाए थे। उस समय प्रदेश में एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस चल रही थी। ऐसे माहौल में एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की ओर से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाना काफी अहम माना गया। शासन ने उनके बयान को सेवा आचरण नियमों के खिलाफ मानते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी।

बहाली के बाद भी नहीं मिली नई तैनाती

करीब आठ साल बाद हुई बहाली के बावजूद जसवीर सिंह को फिलहाल किसी विभाग या पद की जिम्मेदारी नहीं दी गई है। शासन ने उन्हें प्रतीक्षारत रखा है। ऐसे में अब पुलिस और प्रशासनिक महकमे की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उन्हें आगे कौन सी जिम्मेदारी सौंपी जाती है। 1992 बैच के ADG रैंक के अधिकारी की बहाली को प्रशासनिक हलकों में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। लंबे समय तक निलंबित रहने के बाद उनकी वापसी ने उनके पुराने मामलों और विवादों को फिर से चर्चा में ला दिया है।

Location :  Lucknow

Published :  19 November 2026, 7:29 PM IST

Advertisement