बकरीद को लेकर मुजफ्फरनगर अलर्ट : अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, सड़क पर नमाज की इजाजत नहीं

मुजफ्फरनगर में बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शांति समिति की बैठक में डीएम और एसएसपी ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान नई परंपरा, सड़क पर नमाज और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 21 May 2026, 8:43 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : जिले में बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दिया। गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित शांति समिति की बैठक में अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की नई परंपरा शुरू करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।

डीएम ने दिए साफ निर्देश

बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी खुले स्थानों पर न करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। डीएम ने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेष इधर-उधर फेंकने या नालियों में रक्त बहाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निर्देश दिए कि रक्त और अवशेषों को गड्ढा खोदकर दबाया जाए ताकि माहौल खराब न हो और सफाई व्यवस्था प्रभावित न पड़े।

उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को त्योहार से पहले सभी इलाकों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पानी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजली विभाग को भी त्योहार के दौरान लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सड़क पर नमाज की नहीं होगी अनुमति

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बैठक में साफ कहा कि ईद की नमाज केवल ईदगाह और मस्जिद परिसरों में ही अदा की जाएगी। सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरनगर कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद : घर में अकेली थी बेटी, पिता ने तोड़ दिया था भरोसा फिर…

एसएसपी ने कहा कि जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद को तुरंत रोका जा सके।

धर्मगुरुओं ने दिया सहयोग का भरोसा

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, एसपी सिटी अमित जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  21 May 2026, 8:43 PM IST

Advertisement