‘सर, स्कूल जाने में होती है दिक्कत’… हाथरस के बच्चों ने डीएम से मांगी पक्की सड़क

हाथरस के वार्ड नंबर-2 स्थित नया नगला विष्णुपुरी में जलभराव और बदहाल गली से परेशान स्कूली बच्चे जिलाधिकारी अतुल वत्स के पास पहुंचे। बच्चों ने स्कूल जाने में हो रही परेशानी बताते हुए पक्की गली बनवाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 August 2026, 4:44 PM IST
google-preferred

Hathras: हाथरस में एक बार फिर मासूम बच्चे अपनी समस्या लेकर सीधे जिलाधिकारी के दरबार पहुंच गए। इस बार बच्चों की शिकायत किसी स्कूल, छात्रवृत्ति या किताबों को लेकर नहीं, बल्कि रोजाना स्कूल जाने के रास्ते को लेकर है। नगर पालिका परिषद हाथरस के वार्ड नंबर-2 स्थित नया नगला विष्णुपुरी के स्कूली बच्चों ने जलभराव और टूटी गली से परेशान होकर जिलाधिकारी अतुल वत्स से पक्की गली बनवाने की मांग की है। बच्चों का कहना है कि हर दिन गंदे पानी से होकर स्कूल जाना उनकी मजबूरी बन गया है।

रोज गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर

बच्चों ने बताया कि उनकी गली में सालभर जलभराव रहता है। बारिश के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। स्कूल जाते समय उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे फिसलने और चोट लगने का डर बना रहता है। कई बार यूनिफॉर्म और जूते भी गंदे हो जाते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

2027 के लिए मायावती का बड़ा दांव! आकाश आनंद को मिली बड़ी जिम्मेदारी, हाथरस से शुरू करेंगे चुनावी अभियान

100 मीटर लंबी गली बनी मुसीबत

जानकारी के अनुसार बिजली मिल फाटक के पास नगला अलगर्जी रोड से जुड़ी करीब 100 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी गली काफी नीची है। इसी वजह से यहां हमेशा पानी भरा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में लगभग 20 परिवार रहते हैं और जलभराव के कारण रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है।

बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि गली में जमा गंदे पानी के कारण बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी घर से निकलने में दिक्कत होती है। लगातार जलभराव रहने से मच्छरों और गंदगी का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

घर चलकर देख लूंगा… दूल्हे की इस धौंस पर भड़की हाथरस की दुल्हन, वरमाला फेंककर बारात को बैरंग लौटाया

कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार वार्ड सभासद से शिकायत की, लेकिन हर बार "बजट आने पर काम होगा" कहकर मामला टाल दिया गया। लंबे समय तक कोई कार्रवाई न होने के बाद अब बच्चों ने खुद जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई है।

अधिशासी अधिकारी को भी भेजा गया पत्र

नया नगला निवासी हरीशंकर, लक्ष्मण सिंह, नवल किशोर, पवन कुमार सहित कई लोगों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को भी पत्र भेजकर गली का निर्माण कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Location :  Hathras

Published :  4 August 2026, 4:44 PM IST

Advertisement