हिंदी
देवरिया में पत्नी ने की पति की हत्या
Deoria: जनपद में एक खौफनाक मामला सामने आया है। घरेलू विवाद में पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा सोमवार को हिंसक रूप बदल गया। पत्नी ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पति की डंडे व बेल्ट से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गंभीर हालत में पति को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपित पत्नी व उसके दोनों भाई फरार हो गए। पुलिस ने तलाश के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचे सीओ सलेमपुर मनोज कुमार और फोरेंसिक टीम ने घटना की ली जानकारी। मारपीट के घटना का वीडियो हुआ प्रसारित।
मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के बिशुनपुर कला टोला महुआबारी निवासी मुकेश सिंह (41) पुत्र टेल्हू सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मुकेश सिंह का पत्नी संगम सिंह से कई दिनों से विवाद चल रहा था। सोमवार को कहासुनी बढ़ने पर पत्नी के दोनों भाई भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर मुकेश को कमरे में बंद कर डंडे व बेल्ट से जमकर पीटा। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। इसके बाद पत्नी एंबुलेंस से उन्हें लेकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के इमरजेंसी अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मुकेश सिंह को मृत घोषित कर दिया।
देवरिया पुलिस की सख्त कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को दबोचा
आरोप है कि पत्नी शव को लावारिस हालत में छोड़कर वहां से फरार हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। घटना की सूचना पर सीओ सलेमपुर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतक की फाइल फोटो
मुकेश सिंह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में 10 वर्षीय पुत्र आयुष तथा दो बेटियां पूजा व अमृता हैं। परिवार के अन्य भाई अलग-अलग रहते हैं। बताया गया कि एक भाई मानसिक रूप से बीमार है, जबकि दो भाई बाहर रहते हैं।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल मुकेश सिंह की अस्पताल में मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि वारदात में शामिल मृतक की पत्नी, पत्नी के भाई तथा पत्नी की बहन के लड़के तीनों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की आगे कार्रवाई में जुट गई है।
Location : Deoria
Published : 26 May 2026, 5:42 AM IST