हिंदी
बनारस का घाट
Varanasi: दिल्ली में 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले का प्रभाव तेजी से अन्य शहरों तक पहुंच रहा है। विशेषकर काशी जैसे पर्यटन केंद्र पर इसका स्पष्ट असर देखा जा रहा है। पिछले दो दिनों में बनारस के बड़े, मध्यम और बजट होटलों में करीब 20% तक बुकिंग कैंसिल हो चुकी है। सबसे ज्यादा कैंसिलेशन विदेशी पर्यटकों की ओर से आए हैं, जो नवंबर-दिसंबर के बीच वाराणसी घूमने आते हैं।
स्पेन, इटली, न्यूयॉर्क, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस जैसे देशों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में इस सीजन में 30-40% तक गिरावट दर्ज की गई है। गंगा किनारे स्थित होटलों से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर बने होटलों तक-हर जगह कई पर्यटक अपनी बुकिंग रद्द कर रहे हैं।
होटल मालिकों का कहना है कि नवंबर-दिसंबर काशी पर्यटन का गोल्डन पीरियड होता है। गंगा आरती, देव दीपावली के बाद पर्यटक यहां ठहरते हैं, लेकिन इस बार हालात बदले हुए हैं और पर्यटक डर के माहौल के कारण दूरी बरत रहे हैं।
दिल्ली धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हवाईअड्डों पर लंबी सुरक्षा जांच, अतिरिक्त दस्तावेज़ वेरिफिकेशन और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हो रही है। इन कारणों से कई विदेशी पर्यटकों ने अपनी यात्रा को आगे बढ़ाने या रद्द करने का निर्णय लिया है। लक्जरी से लेकर बजट होटलों में इस महीने की ऑक्युपेंसी में 15-20% की गिरावट दर्ज की गई है। कुछ होटलों ने सुरक्षा कारणों से पहले से तय इवेंट बुकिंग भी रद्द कर दी हैं।
वाराणसी होटल एसोसिएशन के अनुसार, नवंबर और दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना और न्यूजीलैंड जैसे देशों से पर्यटकों की भारी आमद रहती है। ठंड का मौसम विदेशी यात्रियों के अनुकूल होता है, इसलिए वे बड़ी संख्या में काशी पहुंचते हैं। इसके अलावा दक्षिण भारत से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन महीनों में बनारस आते हैं। लेकिन इस बार पर्यटकों के कदमों की रफ्तार सुस्त है।
नवंबर 2023 बनाम नवंबर 2024
(स्रोत: जिला पर्यटन विभाग)
वर्ष 2023
• भारतीय पर्यटक: 1,67,12,655
• विदेशी पर्यटक: 33,436
• कुल: 1,67,46,091
वर्ष 2024
• भारतीय पर्यटक: 1,57,55,544
• विदेशी पर्यटक: 37,564
• कुल: 1,57,93,108
होटल संचालकों का कहना है कि देव दीपावली के बाद आमतौर पर शहर में रौनक बनी रहती है। घाटों पर विदेशी पर्यटकों की भीड़ और होटलों में 90-95% ऑक्युपेंसी सामान्य होती है। लेकिन इस बार फोन पर कैंसिलेशन लगातार बढ़ रहे हैं। पर्यटक अस्थिर माहौल का हवाला दे रहे हैं। कई ट्रैवल एजेंसियों ने यात्राओं को पोस्टपोन किया है एक होटल संचालक ने कहा कि आम तौर पर नवंबर-दिसंबर में हमारा सीजन पीक पर होता है, पर इस बार धमाके के कारण कई विदेशी पीछे हट गए हैं।
वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा ने कहा कि दिल्ली की आतंकी घटना के बाद असर देखने को मिल रहा है। कुछ होटलों में बुकिंग कम हुई है। लेकिन यह स्थायी स्थिति नहीं है। कई होटलों में बुकिंग अभी भी जारी है।
Location : Varanasi
Published : 14 November 2025, 4:29 PM IST
No related posts found.