हिंदी
Social Media
Greater Noida: रात के समय अंधेरी सड़कें अक्सर अपराधियों के लिए सबसे सुरक्षित जगह बन जाती हैं। चोरी, लूटपाट, छेड़छाड़ और सड़क हादसों जैसी घटनाओं का खतरा ऐसे इलाकों में सबसे ज्यादा रहता है। इसी बढ़ती चिंता को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब शहर की हर गली और सड़क को रोशन करने की तैयारी में जुट गया है। खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही आम लोगों की शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचे, इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18008332314 और WhatsApp नंबर 7982300721 जारी किया गया है। प्राधिकरण का कहना है कि शिकायत मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
शहरभर में शुरू हुआ विशेष अभियान
विद्युत एवं यांत्रिक विभाग ने स्ट्रीट लाइटों के सुचारु संचालन के लिए शहरभर में विशेष अभियान शुरू किया है। हाल ही में विभाग की टीमों ने सेक्टर ईटा-1, ईटा-2, बीटा-1 और ग्राम सिरसा समेत कई आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों का फील्ड निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां भी बंद, टिमटिमाती या खराब स्ट्रीट लाइटें मिलीं, उन्हें मौके पर ही ठीक कराया गया। विभाग का कहना है कि सिर्फ लाइट बदलना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम को बेहतर बनाना भी प्राथमिकता है ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
केबल, फ्यूज और टाइमर सिस्टम की भी होगी जांच
प्राधिकरण ने स्ट्रीट लाइटों के साथ-साथ उनके पूरे तकनीकी सिस्टम की जांच भी तेज कर दी है। केबल, फ्यूज, कंट्रोल पैनल और टाइमर सिस्टम की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी तकनीकी खराबी की वजह से बार-बार लाइट बंद न हो। विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल के मुताबिक मानसून के दौरान नमी और शॉर्ट सर्किट के कारण स्ट्रीट लाइटों में खराबी की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इसी वजह से हर सेक्टर में लगातार राउंड-टू-राउंड चेकिंग कराई जा रही है।
संवेदनशील इलाकों पर रहेगा खास फोकस
प्राधिकरण ने शहर के उन संवेदनशील इलाकों और अंधेरे वाले मोड़ों की भी पहचान शुरू कर दी है, जहां रात के समय सुरक्षा का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर रोशनी होने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और अपराध की आशंका भी कम होगी। साथ ही रात में सफर करने वाले लोगों को अधिक सुरक्षित माहौल मिलेगा।
लोगों से भी मांगा गया सहयोग
प्राधिकरण ने शहरवासियों से अपील की है कि अगर उनके इलाके में कोई स्ट्रीट लाइट खराब है, देर से जल रही है या सुबह तक बंद नहीं हो रही है तो उसकी जानकारी तुरंत विभाग को दें। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 18008332314 और WhatsApp नंबर 7982300721 जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा तथा शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
Location : Greater Noida
Published : 5 August 2026, 5:15 PM IST