हरदोई में हैवान बने पति ने गर्भवती पत्नी की डंडों से पीटकर हत्या, कोख में पल रहे बच्चे पर भी नहीं आया तरस

उत्तर प्रदेश के हरदोई में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी सात महीने की गर्भवती पत्नी को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव करने पहुंची आरोपी की मां को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 September 2026, 1:51 PM IST
google-preferred

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक पति पर आरोप है कि उसने मामूली कहासुनी के बाद अपनी सात महीने की गर्भवती पत्नी को डंडों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। जिस बच्चे को जन्म देने की तैयारी में महिला थी, उसकी जिंदगी भी इस हमले में खत्म हो गई। इतना ही नहीं, पत्नी को बचाने पहुंची आरोपी की बुजुर्ग मां को भी उसने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मामूली विवाद के बाद भड़का पति, पत्नी पर बरसाए डंडे

यह दिल दहला देने वाली घटना हरदोई जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के म्योरा गांव की है। गांव निवासी प्रेमा के तीन बेटे हैं, जिनमें विशाल, आकाश और विकास शामिल हैं। आकाश और विकास गुजरात में रहते हैं, जबकि विशाल गांव में रहकर काम करता है। करीब तीन साल पहले विशाल की शादी किरन (24) से हुई थी। किरन सात महीने की गर्भवती थी और उसकी एक साल की बेटी भी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब चार बजे किसी बात को लेकर विशाल और किरन के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद विशाल ने अपना आपा खो दिया और डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया।

बचाने आई मां को भी नहीं बख्शा

घटना के वक्त घर में पति-पत्नी के अलावा कोई मौजूद नहीं था। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर जब विशाल की मां प्रेमा वहां पहुंचीं और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोप है कि विशाल ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह भी घायल हो गईं। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल किरन को इलाज के लिए बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया

घटना के बाद आरोपी पति विशाल मौके से भाग गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। बिलग्राम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी पति को तलाश कर हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Hardoi News

Published :  9 September 2026, 1:51 PM IST

Advertisement