हिंदी
पुलिस भर्ती परीक्षा (Img : Google)
Gorakhpur : जिले में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दो दिनों में अभ्यर्थियों की भारी अनुपस्थिति ने प्रशासन का ध्यान खींचा है। कड़ी सुरक्षा और व्यापक इंतजामों के बावजूद हजारों उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों से दूर रहे, जिससे कुल अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या 20,921 तक पहुंच गई है।
आंकड़ों के अनुसार पहले दिन दोनों पालियों में कुल 38,928 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन इनमें से केवल 28,237 अभ्यर्थी ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। इस दौरान 10,691 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 5,427 और द्वितीय पाली में 5,264 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
दूसरे दिन भी स्थिति लगभग समान रही। प्रथम पाली में 19,464 में से 14,316 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 5,148 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 14,382 में से 5,082 उम्मीदवारों ने परीक्षा छोड़ दी। इस प्रकार दूसरे दिन कुल 10,230 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
गोरखपुर से वाराणसी जाते समय ट्रेन से गिरा युवक, क्षेत्र में सनसनी पढ़िए पूरी खबर
दो दिनों की चार पालियों को मिलाकर कुल 20,921 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में गैरहाजिरी को लेकर प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, हालांकि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।
जिले में 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। तीन दिनों में कुल छह पालियों के तहत 1,16,784 अभ्यर्थियों के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि भर्ती परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सख्ती के साथ कराई जा रही है और शेष पालियों के लिए भी सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 10 June 2026, 2:49 AM IST
Topics : Exam News Gorakhpur News UP News UP Police Exam