गोरखपुर से वाराणसी जाते समय ट्रेन से गिरा युवक, क्षेत्र में सनसनी पढ़िए पूरी खबर

आमकोल गांव के युवक विकास की वाराणसी जाते समय चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। मंगलवार सुबह करमहा ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक किनारे उनका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

Gorakhpur: चौरी चौरा थाना क्षेत्र के आमकोल गांव निवासी एक युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव दो हिस्सों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रोज़गार के सिलसिले में निकला था युवक 

जानकारी के अनुसार आमकोल गांव निवासी विकास (पुत्र बल्ली हरिजन) सोमवार रात रोज़गार के सिलसिले में वाराणसी जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक वह सरदारनगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर वाराणसी जा रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन जब करमहा ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी किसी कारणवश विकास चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने के बाद वह ट्रेन के पहियों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

कैसे हुई मृतक की पहचान 

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई जब क्षेत्र के कुछ लोग रेलवे लाइन के किनारे से गुजर रहे थे। राहगीरों ने ट्रैक के पास एक युवक का शव दो टुकड़ों में पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और रेलवे अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस ने शव की पहचान आमकोल गांव निवासी विकास के रूप में कराई। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि विकास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर जाता रहता था।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस का कहना है कि शुरुआत में मामला चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से आमकोल गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की है।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 June 2026, 12:17 PM IST

Related News

Advertisement