हिंदी
बिरयानी खिलाकर की पत्नी की हत्या (Img: AI Generated Image)
Hardoi: हरदोई के इस्लामनगर टिलिया इलाके में एक महिला की हत्या के मामले ने पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके पति ने की। वारदात से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद और शक की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, इस्लामनगर टिलिया निवासी 34 वर्षीय परवेज की शादी करीब 12 साल पहले 30 वर्षीय नगमा से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। दंपती के कोई बच्चा नहीं था। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी बात को लेकर भी परिवार में तनाव रहता था। बताया गया है कि परवेज को अपनी पत्नी के किसी बाइक मैकेनिक से संबंध होने का शक था। इसी मुद्दे को लेकर पिछले करीब आठ महीने से दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- Noida Crime: ऑटो में बैठी महिला मैनेजर का पीछा कर रहे थे स्कॉर्पियो सवार, FNG पर रोककर कर दी पिटाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि मंगलवार रात उसने पत्नी को बिरयानी खिलाई और लस्सी पिलाई थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोपी के बयान के मुताबिक, पत्नी चाकू लेकर उसकी ओर आई थी और उसने चाकू छीन लिया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसी चाकू से पत्नी पर कई वार किए। महिला के सीने और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, सीने पर हुए वार इतने गंभीर थे कि महिला के दिल को भी चोट पहुंची।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस कमरे में घटना हुई, उसका दरवाजा बंद था और वहां तेज रफ्तार वाला पंखा चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी वजह से आसपास रहने वाले लोगों को घटना की भनक तुरंत नहीं लगी। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने पर उसने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया छोटा रामपुरी चाकू बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
ये भी पढ़ें- Mirzapur Crime: घर में घुसे चार किन्नर, दो महिलाओं से मारपीट के बाद लाखों के जेवर-नकदी ले जाने का आरोप
जांच में एक और अहम बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या से करीब पांच दिन पहले परवेज ने थाने में शिकायत देकर पत्नी और उसके कथित प्रेमी से जान का खतरा बताया था। अब पुलिस उस शिकायत के साथ-साथ महिला के कथित संबंधों से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के सीने पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। शव को बुधवार रात बिलग्राम चुंगी स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया।
Location : Hardoi
Published : 18 September 2026, 8:35 AM IST
Topics : crime news Hardoi News Murder Case