हरदोई विवाद: सोशल मीडिया टिप्पणी से नाराज पूर्व विधायक पर मारपीट, गाली और धमकी के आरोप

हरदोई में सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने पर पूर्व विधायक अनिल वर्मा पर पार्टी कार्यालय में युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली, अंगूठी छीनने व एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

Updated : 9 October 2026, 11:40 AM IST
google-preferred

Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लोनार थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर निवासी रमाकांत यादव ने पूर्व विधायक अनिल वर्मा और उनके साथियों पर पार्टी कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने, अंगूठियां छीनने और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पीड़ित ने देर रात शहर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

सोशल मीडिया की एक टिप्पणी से बढ़ा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा मामला सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक अनिल वर्मा से जुड़ी एक पोस्ट से शुरू हुआ। रमाकांत यादव ने उस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी, जो पूर्व विधायक और उनके समर्थकों को नागवार गुजरी। आरोप है कि इसी प्रतिक्रिया से नाराज होकर रमाकांत को बातचीत के बहाने पार्टी कार्यालय बुलाया गया।

बच्चे के सिर को तबला समझकर बजाने लगे मास्टर साहब! वीडियो वायरल होते ही हो गया खेला

पार्टी कार्यालय में मारपीट और अभद्रता का आरोप

शिकायतकर्ता रमाकांत का कहना है कि जब वह निर्धारित पार्टी कार्यालय पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद पूर्व विधायक अनिल वर्मा और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि वहां उनके साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान उन्हें न केवल जातिसूचक गालियां दी गईं और अपमानित किया गया, बल्कि उनके हाथ से पहनी हुई दो अंगूठियां भी एक युवक द्वारा जबरन निकाल ली गईं। मारपीट के बाद उन्हें अपमानित करते हुए कार्यालय से बाहर भगा दिया गया।

कई लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज

इस घटना में पूर्व विधायक अनिल वर्मा के अलावा आशीष वर्मा, रियासत खान और पीयूष राजवंशी को भी नामजद किया गया है। इसके अतिरिक्त, घटना में दो से तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के भी शामिल होने की बात कही गई है।

महराजगंज में दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रशासन सतर्क, फरेंदा थाने में हुई हाई-लेवल पीस कमेटी की बैठक

फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी

पीड़ित रमाकांत यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी बताया है कि घटना के बाद आरोपियों ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने धमकी दी कि यदि इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई, तो उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर और फर्जी मुकदमे दर्ज करवाकर उनकी पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी।

इन तमाम गंभीर आरोपों के बाद, 8 अक्टूबर की देर रात करीब 11 बजे रमाकांत शहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Hardoi

Published :  9 October 2026, 11:40 AM IST

Related News

Advertisement