हिंदी
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन सरकारी पुल तेज आंधी और भीषण तूफान के कारण अचानक भरभराकर गिर गया। पुल का हिस्सा ढहने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक भारी मलबे ने कई जिंदगियां लील ली थीं।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सबसे बड़ा सवाल निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर उठ रहा है।
मौसम विभाग द्वारा पहले ही तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया था, इसके बावजूद पुल निर्माण का कार्य नहीं रोका गया। करोड़ों की लागत से बन रहे इस सरकारी पुल के गिरते ही भ्रष्टाचार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की पोल खुल गई है। स्थानीय लोग अब इस हादसे के जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Hamirpur
Published : 29 May 2026, 4:32 PM IST