हिंदी
चलती बारात पर फायरिंग (Img: Google)
Jaunpur : जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। जहां शादी के जश्न के बीच दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेच्छा बादशाही मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक सरायख्वाजा क्षेत्र के रहने वाले आजाद बिंद की शादी खेतासराय के बीबीपुर गांव में तय थी। बारात धूमधाम से घर से निकली थी। लगभग 5 किलोमीटर दूर पहुंचते ही नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने चलती कार के सामने आकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे पर तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली लगने के बाद दूल्हे को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर अशोक कुमार ने पुष्टि की कि युवक को मृत अवस्था में लाया गया था।
घटना के वक्त कार में मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने चेहरा ढका हुआ था और गाड़ी की नंबर प्लेट भी नहीं दिख रही थी। अचानक हुई फायरिंग से सभी लोग डर गए और दूल्हा गोली लगने के बाद कहता रहा कि अब वह नहीं बचेगा।
जौनपुर में खौफनाक सड़क हादसे में 3 की मौत, तेज रफ्तार ट्रक बना काल, जानें कैसे सब कुछ बिखर गया?
दूल्हे की बहन ने बताया कि दो दिन पहले उसके भाई को धमकी मिली थी और शादी को लेकर तनाव जैसा माहौल था। वहीं पिता राम लखन ने बताया कि पहले भी परिवार पर हमला हो चुका है। परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कुंवर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि शादी से नाराज लड़की के एक रिश्तेदार ने अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों की पहचान प्रदीप और रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर कई टीमों को जांच में लगाया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Jaunpur
Published : 2 May 2026, 11:51 AM IST
Topics : crime news jaunpur news Murder Case UP News