मेरठ में पुलिस वाले की मां का बेरहमी से मर्डर, पड़ोसन ने खोला राज तो उड़ गए होश

मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में 68 वर्षीय फूल समंदरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती थी और उनका शव बैठक में खून से लथपथ मिला। जेवर गायब मिलने से पुलिस लूट, रंजिश और हत्या की साजिश समेत कई एंगल से जांच कर रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 July 2026, 4:50 PM IST
google-preferred

Meerut : उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार को एक दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में 68 वर्षीय फूल समंदरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव उनके घर के अगले हिस्से में बनी बैठक में खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे लूट, रंजिश या अन्य किसी वजह की जांच की जा रही है।

सुबह पड़ोसन पहुंची तो खुला हत्या का राज

गांव की महिला शरबती खेत पर काम के लिए फूल समंदरी को बुलाने उनके घर पहुंची। घर के बरामदे में खून के निशान देखकर उसे शक हुआ। जब वह अंदर गई तो एक कोने में फूल समंदरी का शव पड़ा मिला। यह देखकर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घर में अकेली रहती थी बुजुर्ग महिला

मृतका फूल समंदरी के पति राम सिंह का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में दो बेटे और चार बेटियां हैं। बड़ा बेटा मोनू परीक्षितगढ़ में कपड़ों की सिलाई का काम करता है। जबकि छोटा बेटा विपिन संभल में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। चारों बेटियों की शादी हो चुकी है। इसलिए फूल समंदरी गांव स्थित घर में अकेली रहती थी।

14 की उम्र में पहला आशिक, 15 में शादी, 16 में ससुराल छोड़ा और 17 में दूसरे बॉयफ्रेंड के साथ…मेरठ में ऑनरकिलिंग का गंदा राज

जेवर गायब मिलने से लूट की आशंका

पुलिस ने बताया कि महिला के गले से सोने की चेन और कानों के कुंडल गायब मिले हैं। ऐसे में हत्या के पीछे लूट की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

रात में भतीजे से हुई थी आखिरी बातचीत

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात फूल समंदरी की अपने भतीजे सोनू कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी। सोनू ने उन्हें अपनी बेटी की शादी में आने का निमंत्रण दिया था, जिस पर उन्होंने शामिल होने की बात कही थी। बुधवार सुबह जब सोनू ने दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। कुछ देर बाद उन्हें हत्या की सूचना मिली।

बेटी ने जताई हत्या की साजिश की आशंका

घटना के बाद मौके पर पहुंची मृतका की बेटी मोनी ने आरोप लगाया कि उसकी मां की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की मिलीभगत से कराई गई है। उन्होंने बताया कि कि कुछ लोग अक्सर उनकी मां को सोने के जेवर पहनने को लेकर ताने देते थे। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की भी जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।

Location :  Meerut

Published :  1 July 2026, 4:50 PM IST

Advertisement