AY Birth Day: ग्रेटर नोएडा में अलग अंदाज में मना अखिलेश यादव का जन्मदिन

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया गया। जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के नेतृत्व में 54 किलो का केक काटा गया, फल-मिठाइयां बांटी गईं और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 July 2026, 6:02 PM IST
google-preferred

Noida Desk : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित पार्टी कार्यालय में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। जन्मदिन के अवसर पर 54 किलो का केक काटा गया। फल-मिठाइयों का वितरण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।

जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के नेतृत्व में हुआ आयोजन

कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने किया। उन्होंने केक काटकर कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और समाजहित में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।

अखिलेश यादव के कार्यकाल को बताया विकास का दौर

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि अखिलेश यादव एक मृदुभाषी और लोकप्रिय जननेता हैं, जिनकी कार्यशैली से हर वर्ग प्रभावित है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी आज देश की तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है।

महराजगंज में उत्साह के साथ मना अखिलेश यादव का जन्मदिन, पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने कहा-2027 में बनेगी सपा सरकार

अखिलेश की योजनाएं आज भी लोगों को दे रही फायदा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति दी। उनके कार्यकाल में समाजवादी पेंशन, कन्या विद्याधन योजना, लैपटॉप वितरण, मुफ्त दवा, मुफ्त सिंचाई, कामधेनु योजना, लोहिया आवास, कृषक दुर्घटना बीमा और डायल-100 जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिला।

नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

सुधीर भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में अखिलेश यादव वंचित, शोषित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के जन्मदिन पर उनकी नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें। इसके साथ संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

Location :  Noida

Published :  1 July 2026, 5:43 PM IST

Advertisement