हिंदी
सड़क पर हवाबाजी पड़ेगी महंगी (Img: AI)
New Delhi: आज के स्टाइल और ट्रेंड की दुनिया में युवाओं के बीच अपनी बाइक को एक अलग और अट्रैक्टिव लुक देने का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। सड़क पर जब आपकी बाइक फर्राटा भरती है, तो आप चाहते हैं कि हर कोई बस आपको ही देखे। धांसू साइलेंसर, चौड़े टायर, नियॉन एलईडी लाइट्स और फैंसी नंबर प्लेट का स्वैग तो आजकल हवा में है।
युवाओं का ये मॉडिफिकेशन क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन बॉस... जरा संभल के। आपका ये कूल लुक ट्रैफिक पुलिस की तीसरी आंख को बिल्कुल नहीं सुहा रहा। अगर आपका ये स्वैग मॉडिफिकेशन मोटर व्हीकल एक्ट और परिवहन विभाग के नियमों के खिलाफ है, तो ट्रैफिक पुलिस आपका चालान काट सकती है। कई मामलों में वाहन जब्त करने तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कंपनियों ने बाइक को एक खास सांचे में ढाला है, उससे छेड़छाड़ कानूनन अपराध है। सबसे ज्यादा कार्रवाई मॉडिफाइड या तेज आवाज वाले साइलेंसर पर होती है, क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। इसके अलावा फ्लैशिंग या लाल-नीली एलईडी लाइट, प्रेशर हॉर्न, फैंसी नंबर प्लेट, कंपनी की मंजूरी के बिना इंजन में बदलाव, चेसिस या व्हीलबेस में बदलाव और बाइक की तय सीमा से ज्यादा चौड़े टायर लगवाना भी नियमों के खिलाफ हो सकता है।
अगर आप बाइक का रंग पूरी तरह बदलवाना चाहते हैं, तो इसकी जानकारी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को देना जरूरी है। वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में दर्ज रंग और वास्तविक रंग अलग मिलने पर कार्रवाई हो सकती है। इसी तरह नंबर प्लेट भी सरकार द्वारा तय हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) या निर्धारित मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमों के उल्लंघन पर अलग-अलग मामलों में जुर्माने की राशि अलग हो सकती है। कई मामलों में 1,000 रुपये से लेकर 10,000 रुपये या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जा सकता है। अगर बाइक में किया गया बदलाव सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनता है, तो ट्रैफिक पुलिस बाइक जब्त कर सकती है और रजिस्ट्रेशन से जुड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।
अगर आप अपनी बाइक को नया लुक देकर स्वैग दिखाना चाहते हैं, तो कानूनी दायरे में रहकर बदलाव करवाएं। कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले RTO या अधिकृत डीलर से सलाह लें। थोड़ी सी समझदारी आपको भारी-भरकम चालान और कोर्ट-कचहरी के चक्करों से बचा सकती है।
Location : New Delhi
Published : 1 July 2026, 5:54 PM IST
No related posts found.