सड़क पर निकलने से पहले दुपहिया चालक जान लें ये नया नियम, वरना नहीं मिलेगा पेट्रोल

नैनीताल जिले में बिना हेलमेट दोपहिया चालकों को अब पेट्रोल नहीं मिलेगा। जिला प्रशासन ने 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम लागू करते हुए पेट्रोल पंपों और एंट्री प्वाइंट पर जागरूकता बोर्ड भी लगवाए हैं।

Nainital: जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने पूरे जिले में 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' व्यवस्था लागू कर दी है और इसके पालन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई। जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी किए जाने के बाद जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर नियम लागू कर दिया गया है। पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आए दोपहिया चालकों को ईंधन न दिया जाए।

पेट्रोल पंपों लगे जागरूकता बोर्ड

लोगों को इस नियम की जानकारी देने के लिए पेट्रोल पंपों पर 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' संबंधी जागरूकता बोर्ड भी लगाए गए हैं। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इसकी निगरानी कर रहे हैं ताकि नियम का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन बोर्डों का उद्देश्य बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों व वाहन चालकों को पहले से ही स्थानीय नियमों की जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

नैनीताल में ड्यूटी के दौरान बवाल, पुलिसकर्मियों से मारपीट, जानिये क्यों बिगड़ा शांत माहौल

सड़क सुरक्षा के लिए महत्तवपूर्ण कदम

आरटीओ अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के समय में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं का विश्लेषण करने पर सामने आया कि अधिकांश मामलों में चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।

नैनीताल में लगातार दूसरे दिन नैनीझील से मिला शव, सफाई कर्मचारी की मौत से मचा हड़कंप

जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि हेलमेट पहनने की आदत को बढ़ावा देना, सड़क हादसों में कमी लाना और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Location :  Nainital

Published :  1 July 2026, 12:26 AM IST

Related News

Advertisement