हिंदी
अविमुक्तेश्वरानंद (Img : Google)
Etah : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा बुधवार को एटा, जैथरा और अलीगंज पहुंची। यात्रा के दौरान उन्होंने गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया और कहा कि यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय सम्मान का विषय है।
शंकराचार्य ने कहा कि यदि 22 जुलाई तक गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं दिया गया तो 24 जुलाई को लखनऊ के कांशीराम स्मृति उपवन में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोसंरक्षण को लेकर सरकार को स्पष्ट नीति बनानी चाहिए और इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा की शुरुआत 3 मई को गोरखपुर से हुई थी। यात्रा का उद्देश्य प्रदेश के सभी 75 जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचकर गोसंरक्षण के पक्ष में जनजागरण और जनसमर्थन जुटाना है।
शंकराचार्य ने दावा किया कि यात्रा अब तक करीब 200 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण कर चुकी है। जहां भी यात्रा पहुंच रही है, वहां लोगों का व्यापक समर्थन और सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गोमाता के सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ रही है।
एटा रोड पर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गौरव यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक मौजूद रहे।
अलीगंज प्रवास के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामकिशोर यादव, मुकेश यादव, रिंकू यादव, आयुष्मान यादव और योगेश यादव समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। यात्रा को लेकर समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
जैथरा के अलीगंज रोड स्थित आरएस कोल्ड स्टोर परिसर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का जोरदार स्वागत किया गया। यहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
शंकराचार्य ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में समर्थन उसी सरकार को दिया जाए, जो गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध हो। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सरकारों को इस विषय पर अपनी स्पष्ट राय जनता के सामने रखनी चाहिए।
Location : Etah
Published : 11 June 2026, 5:14 AM IST