हिंदी
गोरखपुर की प्रियंका नायक ने UPPSC 2024 परीक्षा में सफलता हासिल कर जिला समाज कल्याण अधिकारी का पद प्राप्त किया है। साधारण परिवार से आने वाली प्रियंका की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
प्रियंका नायक बनीं जिला समाज कल्याण अधिकारी (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित वर्ष 2024 की प्रतिष्ठित परीक्षा में गोरखपुर की प्रियंका नायक का चयन जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर हुआ है। जैसे ही यह खबर गोरखपुर के गोला उपनगर और रामामऊ गांव में पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ प्रियंका की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत है।
प्रियंका नायक का परिवार एक साधारण लेकिन शिक्षित परिवार है। उनके पिता संतोष कुमार नायक गणित के प्रवक्ता हैं, जिन्होंने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी। वहीं उनकी मां बिंदु नायक एक गृहिणी हैं, जिन्होंने अपने बच्चों को संस्कार और हौसला दोनों दिए। परिवार का माहौल ऐसा रहा, जहां पढ़ाई और मेहनत को हमेशा महत्व दिया गया।
अपनी सफलता पर प्रियंका ने साफ कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की मेहनत और त्याग का नतीजा है। उन्होंने अपने दादा सूर्य नारायण नायक और दादी मान्ती नायक के आशीर्वाद को अपनी ताकत बताया। इसके अलावा उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के हर सदस्य को इस सफलता का श्रेय दिया। प्रियंका का कहना है कि जब परिवार साथ खड़ा हो, तो मुश्किल से मुश्किल रास्ता भी आसान हो जाता है।
प्रियंका नायक ने अपनी इस उपलब्धि के जरिए युवाओं को एक मजबूत संदेश भी दिया है। उनका कहना है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
प्रियंका की इस सफलता से उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है। उनके चाचा डीएसपी राकेश नायक, राजस्व विभाग में कार्यरत संजय नायक, भाई डॉ. नितेश नायक और बहन रिंका नायक समेत सभी परिजनों ने उन्हें बधाई दी है।