

अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना एम्स पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में वांछित चल रहे आरोपी अनुराग पाण्डेय उर्फ अंशू को गिरफ्तार कर लिया है। पढिए पूरी खबर
गोरखपुर: अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना एम्स पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े मामले में वांछित चल रहे आरोपी अनुराग पाण्डेय उर्फ अंशू को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना एम्स में मु0अ0सं0 352/2025 धारा 191(2), 115(2), 109(1), 351(3), 352, 3(5) भा0न्या0सं0 में मुकदमा दर्ज था। अभियुक्त की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और आखिरकार गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना का विवरण
मामला 09 सितंबर 2025 का है। वादी मुकदमा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके होटल के सामने अभियुक्त अनुराग पाण्डेय पेशाब कर रहा था। जब उसे मना किया गया तो उसने अपने साथियों संग होटल कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन जान से मारने की धमकी के साथ की गई यह वारदात गंभीर थी।तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं और लगातार दबिश दी गई। आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग पाण्डेय उर्फ अंशू पुत्र गोविन्द उर्फ बबलू पाण्डेय निवासी रामनाथ, देवरिया दक्षिणी थाना कोतवाली जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर कई धाराओं के तहत मामला दर्ज है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुदेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अभिषेक साह, हेड कांस्टेबल विनय कुमार और कांस्टेबल विनय कुमार यादव की टीम शामिल रही। पुलिस टीम की इस सफलता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हालत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।