हिंदी
छत से गिरे मजदूर की हुई ये हालत नाजुक
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बाहपुर में गुरुवार को निर्माणाधीन मकान की छत की ढलाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ढलाई का काम कर रहा मजदूर अचानक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई। आनन-फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डाइनामाइट न्यूज संवादाता को मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम पतरा निवासी अभिषेक चौहान (पुत्र स्व. रामाशीष चौहान) गुरुवार को मजदूरी करने ग्राम बाहपुर आया था। यहां चौकड़ी निवासी लकी गुप्ता के मकान की छत की ढलाई का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि अपराह्न करीब 2 बजे मशीन लगाकर मकान की छत पर ढलाई का कार्य शुरू हुआ। देर शाम तक पूरा ढलाई का काम पूरा कर लिया गया। इसी बीच अभिषेक किसी सामान को लेकर छत के किनारे पहुंचा, तभी अचानक छत का एक हिस्सा टूट गया और वह संतुलन खोकर नीचे आ गिरा।
हादसे के बाद परिवारजनों को सूचना
तेज आवाज सुनकर मकान मालिक समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सीएचसी गोला पहुंचाया गया। सूत्रों के अनुसार, गिरने से अभिषेक के पेट से नीचे का हिस्सा काम करना बंद हो गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी स्थिति को नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद परिवारजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते अस्पताल की ओर रवाना हो गए। गांव में इस घटना की खबर लगते ही मातमी सन्नाटा पसर गया है। लोग घायल की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
साधनों के ऊँचाई पर काम करने को मजबूर
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के मानक नियमों का पालन नहीं किया जाता है। मजदूर बिना किसी सेफ्टी बेल्ट या अन्य साधनों के ऊँचाई पर काम करने को मजबूर होते हैं। इसी लापरवाही के चलते आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में मजदूरों की जान से खिलवाड़ न हो।
फिलहाल घायल अभिषेक जिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। परिजन व गांववाले उसकी जिंदगी के लिए दुआएं कर रहे हैं। यह दर्दनाक हादसा मजदूरी करने वालों की रोजमर्रा की जिंदगी की खतरनाक हकीकत को उजागर करता है।
Gorakhpur: पिपराइच में नीट छात्र की हत्या मामले में सांसद रवि किशन का बड़ा बयान
Location : गोरखपुर
Published : 18 September 2025, 8:53 PM IST
Topics : Gorakhpur Laborer Latest News police