UP Train Update: आंधी-बारिश ने थामी ट्रेनों की रफ्तार, बस्ती के आगे नहीं बढ़ीं कई ट्रेनें; 5 घंटे तक लेट

तेज आंधी-बारिश और रेलखंड पर चल रहे नानइंटरलाकिंग कार्य ने ट्रेनों की रफ्तार रोक दी है। लखनऊ-गोरखपुर रूट पर पेड़ गिरने से OHE क्षतिग्रस्त हुआ और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गोरखधाम और नई दिल्ली-ललितग्राम समेत कई ट्रेनें घंटों लेट हैं और बस्ती के आगे नहीं बढ़ सकी हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 September 2026, 2:15 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: तेज आंधी और बारिश ने शनिवार को लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार थाम दी। जगह-जगह पेड़ गिरने से रेल लाइन के ऊपर लगे ओवरहेड इक्यूपमेंट (OHE) क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते दिल्ली-गोरखपुर रूट की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनें गोंडा से बस्ती के बीच अलग-अलग स्थानों पर खड़ी हैं।

पांच घंटे तक लेट चल रही प्रमुख ट्रेनें

15566 नई दिल्ली-ललितग्राम और 12556 बठिंडा-गोरखपुर गोरखधाम एक्सप्रेस करीब पांच घंटे की देरी से चल रही हैं। वहीं 13020 बाघ एक्सप्रेस, 19037 बांद्रा एक्सप्रेस और 20103 एलटीटी एक्सप्रेस करीब तीन से साढ़े तीन घंटे की देरी से चल रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी ट्रेनें अभी तक बस्ती से आगे नहीं बढ़ सकी हैं। वैशाली, गोरखधाम, बाघ, एलटीटी और बांद्रा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

जगह-जगह गिरे पेड़, OHE हुआ क्षतिग्रस्त

शनिवार सुबह तेज आंधी के दौरान लखनऊ-गोरखपुर रेलमार्ग पर जगह-जगह करीब 20 से 25 पेड़ गिर गए। पेड़ों की चपेट में आने से रेल लाइन के ऊपर बिजली पहुंचाने वाला OHE क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली सप्लाई बंद होने के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन लगभग ठप हो गया।

गोंडा-बहराइच रेलमार्ग पर भी पेड़ गिरने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रेलकर्मी लगातार ट्रैक से पेड़ हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।

मिर्जापुर में चक्रवर्ती बारिश का तांडव: सोते समय अचानक ढही पक्के मकान की छत, मलबे में दबने से महिला समेत पांच लोग घायल

नानइंटरलाकिंग का भी असर

स्वामी नारायण छपिया-मसकनवा-लखपतनगर-मनकापुर स्टेशनों के बीच 18.82 किलोमीटर रेलखंड पर ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नल सिस्टम का काम पूरा होने के बाद 26 और 27 सितंबर को नानइंटरलाकिंग का काम चल रहा है। इसका असर भी ट्रेनों के संचालन पर पड़ा है।

इस दौरान छह पैसेंजर ट्रेनें पहले ही निरस्त की जा चुकी हैं, जबकि 26 ट्रेनें दो दिनों तक बदले मार्ग से चलाई जाएंगी।

स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी

ट्रेनें घंटों देरी से चलने के कारण यात्री स्टेशनों पर इंतजार करने को मजबूर हैं। लगातार बारिश के बीच यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नवनिर्माण कार्य के चलते यात्रियों के लिए पर्याप्त प्रतीक्षा स्थान नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है।

शाम तक संचालन सामान्य होने की उम्मीद

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि लखनऊ-गोरखपुर और गोंडा-बहराइच रेलखंड पर करीब 40 पेड़ गिरे हैं। रेल लाइनों से पेड़ हटाए जा रहे हैं और बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने का काम जारी है। रेलवे को उम्मीद है कि शाम तक ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सकेगा। हालांकि रविवार को भी नानइंटरलाकिंग के चलते संचालन प्रभावित रहने की संभावना है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 September 2026, 2:15 PM IST

Related News

Advertisement