गोरखपुर में सरेआम गुंडई देख खौला एसएसपी का खून, एक झटके में तीन पुलिस को किया सस्पेंड

गोरखपुर के एक व्यस्त इलाके में सरेआम हुई सनसनीखेज वारदात का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कप्तान ने बिना देर किए एक ऐसा बड़ा हंटर चलाया है, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

Gorakhpur: गोरखपुर में बीच सड़क एक युवती के साथ मारपीट की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पुलिस महकमे में सख्त संदेश दिया है। घटना के वायरल वीडियो और प्रथम दृष्टया पुलिस की लापरवाही सामने आने पर शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह तथा कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

तत्काल प्रभाव से निलंबित पुलिस

इसके साथ ही घटना के दौरान मौके पर मौजूद पीआरवी के दो सिपाही राज मंगल सिंह और अविनाश यादव तथा उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

यह भी पढे़ं-Mainpuri: सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे का आरोप, लोगों ने की ये मांग

बताया जा रहा है कि शहर के व्यस्त इलाके में कुछ युवकों ने एक युवती के साथ सरेआम मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मौके पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप न किए जाने को लेकर सवाल उठे। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर टिप्पणियां होने लगीं।

संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ कौस्तुभ ने तत्काल पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने के संकेत मिलने पर उन्होंने बिना देर किए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।

यह भी पढ़ें-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद वालों के लिए खुशखबरी, शाहबेरी में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर, एक क्लिक में पढ़ें पूरा प्लान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की विस्तृत विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच में यदि अन्य किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवती के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।

एसएसपी डॉ कौस्तुभ की इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस महकमे में जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा से जुड़े मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 July 2026, 1:50 PM IST

Advertisement